यूपी विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर बातचीत जारी है। सोमवार को दोनों दलों के नेताओं की बैठक हुई, लेकिन सीट शेयरिंग पर कोई पुख्ता संख्या सामने नहीं आई। सपा की ओर से बनाई गई कमेटी के अध्यक्ष रामगोपाल यादव ने कहा कि बैठक पॉजिटिव रही और जल्द ही सीट शेयरिंग का ऐलान कर दिया जाएगा।
इस बीच मंगलवार को सोशल मीडिया पर एक लिस्ट वायरल हुई, जिसमें दावा किया गया कि सपा ने कांग्रेस को 26 सीटों का ऑफर दिया है। इस लिस्ट में कांग्रेस की 2022 में जीती सीटें, वे सीटें जिन पर वह दूसरे नंबर पर रही और सपा की ओर से दी गई कुछ अतिरिक्त सीटें शामिल बताई गई हैं।
कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने इस लिस्ट को खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसी किसी लिस्ट की जानकारी नहीं है और न ही उन्होंने कोई सूची देखी है। वहीं, समाजवादी पार्टी की ओर से इस वायरल लिस्ट पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
बता दें कि सीट शेयरिंग पर बातचीत के लिए सपा की ओर से सांसद रामगोपाल यादव की अध्यक्षता में चार नेताओं की कमेटी बनाई गई है, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, सांसद राजीव राय और इकरा हसन शामिल हैं। कांग्रेस की कमेटी में प्रियंका गांधी, प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा, इमरान मसूद, केसी वेणुगोपाल और विधायक दल के नेता वीरेंद्र चौधरी शामिल हैं।
