लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी ने गुरुवार को अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया। पार्टी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सीनियर नेताओं की मौजूदगी में 'पीडीए का प्रणपत्र' जारी किया। घोषणा पत्र में महिलाओं, युवाओं और किसानों को फोकस में रखा गया है। पार्टी इसे पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक यानी पीडीए समीकरण को मजबूत करने की दिशा में उठाया गया कदम बता रही है। कार्यक्रम में सीनियर नेता आजम खान की मौजूदगी को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

घोषणा पत्र में अखिलेश यादव ने सरकार बनने पर पांच साल में 25 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का वादा किया है। इसके अलावा अन्य क्षेत्रों में दो से तीन करोड़ लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। घोषणा पत्र के मुताबिक, जब तक स्नातक युवाओं को नौकरी या रोजगार नहीं मिलेगा, तब तक उन्हें हर महीने 5000 रुपये पोषण भत्ता दिया जाएगा। बुजुर्ग महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये पेंशन देने की भी घोषणा की गई है।

युवाओं से जुड़े अन्य वादों में सभी भर्ती परीक्षाएं निर्धारित समय पर कराने की बात कही गई है। एक परीक्षा वाली भर्तियों की प्रक्रिया तीन महीने और एक से अधिक परीक्षा वाली भर्तियों की प्रक्रिया छह महीने में पूरी कराने का वादा किया गया है। पेपर लीक की समस्या रोकने के लिए भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था बनाने और संबंधित अधिकारियों व मंत्रियों की जवाबदेही तय करने की बात कही गई है। सरकारी विभागों में खाली पदों को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से भरने का भी वादा घोषणा पत्र में शामिल है।

पीडीए और गरीब परिवारों के छात्रों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर देने के लिए विशेष शिक्षा राज्य नीति लाने की घोषणा की गई है। कार्यक्रम में अखिलेश यादव ने संविधान दिवस का जिक्र करते हुए कहा कि संविधान को बदलने की साजिश को कभी कामयाब नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि देश संविधान से चलेगा, मनविधान से नहीं चलेगा और संविधान संशोधन के नाम पर चल रही साजिशों का परिणाम जनता देगी।