स्पाइसजेट की वेबसाइट पर तकनीकी खराबी के कारण शुक्रवार को ऑनलाइन चेक-इन, भुगतान और बुकिंग से जुड़ी सेवाएं प्रभावित हुईं, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। एयरलाइन की ओर से जारी बयान के मुताबिक, तकनीकी समस्या के चलते यात्री ऑनलाइन चेक-इन और भुगतान जैसी सुविधाओं का इस्तेमाल नहीं कर पा रहे हैं। पहले से टिकट बुक करा चुके यात्रियों को बुकिंग में बदलाव और अन्य सेवाओं के लिए भी दिक्कत हो सकती है।

स्थिति को देखते हुए एयरलाइन ने विभिन्न एयरपोर्ट पर मैनुअल चेक-इन और बोर्डिंग की व्यवस्था लागू कर दी है। कंपनी ने यात्रियों से अपील की है कि वे उड़ान के निर्धारित समय से पर्याप्त पहले एयरपोर्ट पहुंचें। एयरपोर्ट पर चेक-इन काउंटरों पर यात्रियों की निर्भरता बढ़ने से अतिरिक्त समय लगने की आशंका है।

एयरलाइन ने कहा है कि उसकी टीमें सर्विस प्रोवाइडर के साथ मिलकर तकनीकी समस्या दूर करने में जुटी हैं। इधर, स्पाइसजेट यात्रियों की परेशानी केवल तकनीकी खराबी तक सीमित नहीं है। हाल के दिनों में उड़ानों में देरी और रद होने को लेकर भी शिकायतें सामने आई हैं।