तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री और द्रमुक नेता एमके स्टालिन ने दावा किया है कि राज्य में जल्द ही उनकी सरकार बनने वाली है। यह बयान ऐसे समय आया है जब मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय दिल्ली में थे और खबरें आई थीं कि उन्होंने हाल में अपने विधायकों की बैठक ली थी।

सोमवार को स्टालिन द्रमुक नेता केएन नेहरू के परिवार में एक शादी समारोह में शामिल हुए थे। उन्होंने कहा कि उनके समर्थक उन्हें अब भी 'मुख्यमंत्री' कहकर बुलाते हैं, जबकि उनके पास अभी कोई आधिकारिक पद नहीं है। स्टालिन ने कहा कि मौजूदा टीवीके शासन खराब प्रशासन दे रहा है और द्रमुक जल्द सरकार बनाएगी। मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी कहा जा रहा है कि विपक्षी दल नए फ्लोर टेस्ट की मांग कर सकते हैं। हालांकि, टीवीके या तमिलागा वेत्री कझगम ने इस पर औपचारिक रूप से कुछ नहीं कहा है।

इंडियन एक्सप्रेस की 12 नवंबर की एक रिपोर्ट के मुताबिक, विजय ने अपने विधायकों से मुलाकात की थी। करीब तीन घंटे चली इस बैठक में उन्होंने विधायकों से व्यक्तिगत रूप से बात की। रिपोर्ट के अनुसार, विधायकों को बताया गया कि 13 मई से 13 नवंबर तक अविश्वास प्रस्ताव को छह महीने पूरे हो चुके हैं और इसके बाद कभी भी एक और अविश्वास प्रस्ताव लाया जा सकता है। इस संबंध में अभी कोई घोषणा नहीं हुई है।

रिपोर्ट के मुताबिक, विधायकों से कहा गया है कि सरकार के पास इनपुट हैं कि विपक्ष सत्तारूढ़ दल के नेताओं को अपने पाले में लाने की कोशिश कर सकता है। आरोप लगाए गए थे कि द्रमुक और अन्नाद्रमुक दिल्ली में राजनीतिक ताकतों की मदद से ऐसा कर सकते हैं। विधायकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। गौरतलब है कि 4 मई को विधानसभा के नतीजे घोषित हुए थे और उसके कुछ दिनों बाद ही विजय सरकार को फ्लोर टेस्ट का सामना करना पड़ा था। स्टालिन अक्टूबर में ही कह चुके हैं कि मौजूदा सरकार शायद छह महीने भी पूरे न कर सके।