राजारहाट के कालिकापुर स्थित आठघरा इलाके में एक बागानबाड़ी से एक छात्र का शव फंदे से लटकता बरामद हुआ है। मृतक की पहचान पूर्व मेदिनीपुर के पटाशपुर निवासी बर्शण जाना के रूप में हुई है। शव मिलने के समय छात्र के कान में ब्लूटूथ हेडफोन लगा था और पास ही मोबाइल फोन पड़ा था। राजारहाट थाने की पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, छात्र उस बागानबाड़ी में किराये पर रहता था। दो दिन पहले उसका एक दोस्त वहां आया था और दोनों ने रात एक साथ बिताई थी। सुबह दोस्त की नींद खुली तो कमरे का दरवाजा बाहर से बंद मिला। इसके बाद उसने पड़ोस के एक व्यक्ति को फोन किया। सूचना पाकर पहुंचे व्यक्ति ने छात्र को लटका देखा और पुलिस को खबर दी।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा खुलवाया और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के दोस्त से पूछताछ की जा रही है। पुलिस मोबाइल फोन की भी जांच कर रही है, ताकि मौत के कारणों का पता लगाया जा सके। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।