कूचबिहार में रास मेला के उद्घाटन के मौके पर बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पूर्ववर्ती माकपा नीत वाममोर्चा सरकार पर आरोप लगाया कि उसने बर्गादारी कानून के तहत भूमि सुधार के नाम पर राजबंशी समुदाय समेत स्थानीय लोगों की जमीन छीनकर बांग्लादेश से आए घुसपैठियों को दे दी। उन्होंने कहा कि राजबंशी समुदाय के हितों की सुरक्षा नहीं की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार राजबंशी समाज के विकास, भाषा, संस्कृति, शिक्षा और आर्थिक स्थिति में सुधार के लिए हर संभव काम करेगी।

मंच से मुख्यमंत्री ने जिले के एसपी मनीष जोशी को निर्देश दिया कि बांग्लादेश से अवैध रूप से आने वाले घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें वापस भेजा जाए। उन्होंने सीमा पर बीएसएफ के साथ बेहतर समन्वय पर जोर दिया और अवैध मदरसों, नकली नोटों तथा अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर रोक लगाने और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में राजबंशी संगठनों के प्रतिनिधियों ने दुख जताया कि इस इलाके में उनके परिवारों के पास कभी बड़े भूभाग थे, लेकिन ज्यादातर का मालिकाना हक उनके हाथ से चला गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास भी होगा और पुरानी घटनाओं का हिसाब भी लिया जाएगा। उन्होंने खागड़ाबाड़ी में अपनी गाड़ी पर पेट्रोल डाले जाने और विपक्ष में रहने के दौरान काफिले पर हुए हमले का जिक्र करते हुए कहा कि उस घटना की सभी तस्वीरें मौजूद हैं। राजबंशी भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल करने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि चुनावी संकल्प पत्र में किए गए वादे पूरे किए जाएंगे। राजबंशी और कामतापुरी भाषा के नाम पर आए अलग-अलग सुझाव केंद्र सरकार को भेजे जाएंगे और अंतिम निर्णय केंद्रीय गृह मंत्रालय करेगा। उन्होंने बताया कि 19 नवंबर को दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री और केंद्रीय गृह सचिव के साथ उनकी बैठक हुई थी, जिसमें इस मुद्दे को जल्द आगे बढ़ाने पर चर्चा की गई थी।

इससे पहले मुख्यमंत्री मदनमोहन मंदिर गए और शोभा यात्रा में शामिल हुए, इसके बाद रास मेले का उद्घाटन किया।