सुप्रीम कोर्ट ने दलबदल कानून में बदलाव की मांग वाली एक याचिका पर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग से जवाब मांगा है। चीफ जस्टिस सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली बेंच ने लॉ कमीशन और कानून व संसदीय कार्य मंत्रालय को भी नोटिस जारी किया है।
याचिका में कहा गया है कि कई बार विधायक और सांसद अयोग्य घोषित होने से बचने के लिए स्पीकर के फैसले से पहले ही इस्तीफा दे देते हैं। इससे चुनी हुई सरकारों का बहुमत खतरे में पड़ सकता है और सरकार गिरने की स्थिति बन सकती है।
याचिका में मांग की गई है कि सांसदों और विधायकों के इस्तीफे और अयोग्यता पर तय समय में पारदर्शी तरीके से फैसला हो। साथ ही हंग असेंबली में बहुमत साबित करने के लिए सदन में फ्लोर टेस्ट अनिवार्य किया जाए। याचिका के अनुसार, बहुमत का फैसला सदन के बाहर समर्थन पत्रों या नेताओं के प्रदर्शन से नहीं होना चाहिए।
याचिका में यह भी कहा गया है कि अगर किसी सांसद या विधायक के खिलाफ दलबदल कानून के तहत अयोग्यता की कार्रवाई चल रही है या इसकी आशंका है, तो इस्तीफा देने से यह कार्रवाई खत्म नहीं होनी चाहिए। स्पीकर को जांच करनी चाहिए कि इस्तीफा अपनी मर्जी से दिया गया है या किसी दबाव या राजनीतिक फायदे के लिए, और तथ्यों के आधार पर कारण सहित आदेश देना चाहिए।
