विशेष मतदाता गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित गड़बड़ियों से जुड़ी याचिकाओं और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी तथा इंडिया गठबंधन के अन्य नेताओं द्वारा पूछे गए 48 सवालों वाली अर्जी पर सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार (17 नवंबर) को कहा कि वह इस मामले की सुनवाई तब तक नहीं करेगा, जब तक भारत निर्वाचन आयोग (ECI) इस अर्जी पर अपनी आपत्तियां दाखिल न कर दे। मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने कहा कि आयोग के जवाब के बाद 9 दिसंबर को इस मामले पर सुनवाई होगी।

ECI की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता हरीश साल्वे ने कहा कि चुनाव आयोग को राहुल गांधी की इस अर्जी पर गंभीर आपत्तियां हैं और इसमें बहुत गंभीर पूर्वाग्रह है। इस पर CJI सूर्यकांत ने कहा कि जो भी हो, आयोग अपना जवाब दाखिल कर सकता है और अपनी आपत्तियां उठा सकता है। उन्होंने कहा कि पीठ इन सवालों के मुद्दे पर विचार करेगी और फिर फैसला लेगी। राहुल गांधी की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल पेश हुए।

सिब्बल ने 48 सवालों वाले उस आवेदन का जिक्र किया, जिसमें चुनाव आयोग से देशभर में SIR की प्रक्रिया और फैसले लेने के तरीके से जुड़े सवाल पूछने की अनुमति मांगी गई है। उन्होंने कहा कि वे आयोग से कुछ सवालों के जवाब मांग रहे हैं। इस पर प्रधान न्यायाधीश ने कहा कि पीठ एक तारीख तय कर रही है और सवालों से जुड़े आवेदन पर भी सुनवाई कर फैसला लेगी।

राहुल गांधी और अन्य विपक्षी नेताओं ने शीर्ष अदालत में आवेदन देकर मांग की है कि उप निर्वाचन आयुक्त, मुख्य निर्वाचन आयुक्त और दोनों निर्वाचन आयुक्त हलफनामा दायर कर विभिन्न मुद्दों पर जवाब दें, जिनमें SIR को मंजूरी देना, मतदाता सूची से कथित तौर पर नाम हटाए जाना और ऑनलाइन मतदाता पंजीकरण प्रणाली में किए गए बदलाव शामिल हैं। याचिका में सवाल उठाया गया है कि क्या आयोग ने राष्ट्रव्यापी SIR से जुड़े फैसले सामूहिक निकाय के रूप में लिए थे या मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने अन्य आयुक्तों की जानकारी, मंजूरी या सहमति के बिना आयोग की शक्तियों का इस्तेमाल किया। याचिकाकर्ताओं ने ऑनलाइन फॉर्म-6 में बदलाव और ECIनेट तथा EROनेट डेटाबेस के कामकाज पर भी सवाल खड़े किए हैं, जिसे उन्होंने केंद्रीकृत और गैरपारदर्शी बताया है। मामले में राहुल के साथ मल्लिकार्जुन खरगे, सौगत रॉय, अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव, संजय राउत, एमए बेबी, डी राजा, महुआ माझी, सुप्रिया सुले, ईटी मोहम्मद बशीर, थोल थिरुमावलवन और सज्जात अहमद किचलू सह-याचिकाकर्ता हैं।