टाटा समूह की होल्डिंग कंपनी टाटा संस 26 नवंबर को होने वाली अपनी निदेशक बोर्ड की बैठक में यह तय करने की तैयारी में है कि वह शेयर बाजार में लिस्ट होगी या प्राइवेट कंपनी बनी रहेगी। बोर्ड के सामने दो विकल्प हैं। पहला, भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के 16 नवंबर के पत्र का पालन करना, जिसमें दोहराया गया है कि टाटा संस को अपर-लेयर गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों (एनबीएफसी) के नियमों के तहत अपने शेयरों को सूचीबद्ध कराना होगा। दूसरा, टाटा ट्रस्ट्स के 28 सितंबर के प्रस्ताव के अनुसार दो कंपनियों का टाटा संस में विलय करना, जिससे नई इकाई एनबीएफसी और कोर इन्वेस्टमेंट कंपनी (सीआईसी) के दायरे से बाहर हो जाएगी और आईपीओ लाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
छह सदस्यीय बोर्ड इस मुद्दे पर पहले से बंटा हुआ है। टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन और टाटा संस के निदेशक नोएल टाटा आईपीओ लाने के विरोध में हैं, जबकि बाकी पांच निदेशक आरबीआई के नियमों के तहत लिस्टिंग के पक्ष में हैं। यह मतभेद टाटा ट्रस्ट्स के भीतर भी दिखाई दे रहा है, जहां जिमी टाटा, वेणु श्रीनिवासन और विजय सिंह जैसे ट्रस्टी आईपीओ का समर्थन कर रहे हैं। आरबीआई का ताजा पत्र और ट्रस्ट्स की विलय योजना दोनों 17 सितंबर की टाटा संस की बोर्ड बैठक के बाद सामने आए हैं, जिसमें लगभग सभी निदेशकों ने लिस्टिंग के पक्ष में तर्क दिया था। आरबीआई के पत्र में विलय के प्रस्ताव का कोई जिक्र नहीं है।
वरिष्ठ अधिवक्ता हरीश साल्वे ने सार्वजनिक रूप से लिस्टिंग का समर्थन करते हुए कहा है कि अधिक पारदर्शिता आएगी और ट्रस्टियों के मतभेदों से कामकाज ठप होने से बचेगा। टाटा ट्रस्ट्स का पक्ष रखने वाले वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने नियंत्रक शेयरधारक के रूप में ट्रस्ट्स की सर्वोच्चता की वकालत की है। संबंधित अपर-लेयर एनबीएफसी कंपनियों में टाटा संस ही एकमात्र ऐसी कंपनी है जो अभी तक सूचीबद्ध नहीं हुई है। यदि बैठक में दोनों प्रस्तावों पर मतदान होता है, तो 5:1 के अनुपात से फैसला होने की उम्मीद है, जिसमें नोएल अकेले पड़ सकते हैं। इससे आर्टिकल ऑफ एसोसिएशन के आर्टिकल 121 को लेकर विवाद फिर खड़ा हो सकता है।
बैठक के एजेंडे में शापूरजी पलोनजी समूह का वह प्रस्ताव भी शामिल है, जिसके तहत वह टाटा संस में अपनी 18.4 प्रतिशत हिस्सेदारी का एक हिस्सा भुनाकर 25000 करोड़ रुपये जुटाना चाहता है। नोएल टाटा ने सुझाव दिया है कि इसे सेलेक्टिव रिडक्शन ऑफ कैपिटल के जरिए लागू किया जाए और शेयरों का मूल्यांकन आयकर नियमों के नियम 11UA के तहत किया जाए। चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन से बोर्ड के सामने यह आकलन पेश करने की उम्मीद है कि कंपनी यह भुगतान कैसे जुटाएगी। लिस्टिंग, विलय और एसपी समूह का प्रस्ताव बैठक के सात प्रमुख विषयों में शामिल हैं।
