टाटा ग्रुप की होल्डिंग कंपनी टाटा संस ने पब्लिक लिस्टिंग की तैयारी शुरू कर दी है। सूत्रों के मुताबिक कंपनी का वैल्यूएशन 18 लाख करोड़ रुपये तक हो सकता है। कंपनी के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन अगली बोर्ड मीटिंग में आईपीओ का प्लान रखने की तैयारी कर रहे हैं। टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा ने लिस्टिंग के बजाय कंपनी के रिस्ट्रक्चरिंग का प्रस्ताव रखा था। टाटा ट्रस्ट्स की टाटा संस में सबसे ज्यादा हिस्सेदारी है।

ईटी की एक रिपोर्ट के मुताबिक टाटा संस की अगली बैठक के हंगामेदार होने की आशंका है। देश के सबसे बड़े औद्योगिक घरानों में से एक टाटा ग्रुप पर नियंत्रण को लेकर टाटा ट्रस्ट्स और टाटा संस के बीच पिछले कुछ समय से घमासान मचा हुआ है। सूत्रों का कहना है कि बोर्ड मीटिंग के बाद टाटा संस लिस्टिंग के लिए जरूरी मंजूरियां लेने की प्रक्रिया शुरू करेगी। मार्च से जून 2027 के बीच कंपनी की लिस्टिंग हो सकती है।

टाटा संस ने इस मामले पर टिप्पणी नहीं की है। आरबीआई ने साफ कर दिया है कि टाटा संस को बिना किसी देरी के लिस्टिंग की प्रक्रिया शुरू कर देनी चाहिए। सूत्रों का कहना है कि कंपनी केंद्रीय बैंक के निर्देशों के मुताबिक आगे बढ़ना चाहती है और रिस्ट्रक्चरिंग के वैकल्पिक प्रस्तावों को स्वीकार नहीं करेगी। कंपनी के पूर्व डायरेक्टर वाईएस मालेगाम ने इस फाइनेंशियल ईयर के लिए टाटा संस की वैल्यू 15 लाख करोड़ रुपये आंकी है, लेकिन जानकारों का कहना है कि मार्केट की स्थिति और निवेशकों की भूख को देखते हुए वैल्यूएशन बढ़कर 18 लाख करोड़ रुपये हो सकता है।

सूत्रों के मुताबिक टाटा संस ने प्रस्तावित लिस्टिंग को लेकर बैंक ऑफ अमेरिका के साथ भी चर्चा की है। बैंक ऑफ अमेरिका, सिटीबैंक और जेपीमोर्गन को इस प्रोसेस में इनवेस्टमेंट बैंक बनाया जा सकता है। टाटा संस ने अपना कोर इनवेस्टमेंट कंपनी का रजिस्ट्रेशन सरेंडर करने का आवेदन दिया था, जिसे आरबीआई ने खारिज कर दिया है। केंद्रीय बैंक ने टाटा संस को अपर लेयर एनबीएफसी के नियमों का पालन करने को कहा था, जिनके मुताबिक क्लासिफिकेशन के तीन साल के भीतर लिस्ट होना जरूरी है। प्रस्तावित लिस्टिंग से शापूरजी पलौंजी ग्रुप को भी फायदा होने की उम्मीद है, जिसकी टाटा संस में 18.37% हिस्सेदारी है।