उत्तराखंड के टिहरी जिले में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा हुआ, जब हरिद्वार से चमोली जिले के जोशीमठ जा रही एक बस थाना मुनिकीरेती क्षेत्र में गूलर के पास गहरी खाई में गिर गई। जिला प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार बस में 34 लोग सवार थे। हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत की सूचना है, जबकि 25 घायलों को बस से बाहर निकाला गया है।
एसडीआरएफ के अनुसार मंगलवार सुबह डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि बस संख्या UK09 PA 9779 गहरी खाई में गिर गई है। सूचना मिलते ही थाना मुनिकीरेती, चौकी गूलर, चौकी शिवपुरी, चौकी ब्यासी और अन्य चौकियों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा। एसडीआरएफ, फायर सर्विस और एंबुलेंस की टीमों को भी बुलाया गया। पुलिस क्षेत्राधिकारी नरेंद्र नगर, थाना प्रभारी मुनिकीरेती और राजस्व विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची।
फिलहाल खाई में रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। अब तक 6 शवों को बाहर निकाला जा चुका है, जबकि 17 घायलों को सड़क तक पहुंचाने के बाद एम्स रेफर किया गया है। मृतकों में बस चालक राजेंद्र सिंह और हेल्पर अनुज भंडारी के अलावा उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल और मध्य प्रदेश के निवासी शामिल बताए गए हैं। घायलों में झारखंड, बिहार, असम, दिल्ली, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के लोग हैं।
