टिहरी जिला प्रशासन ने पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीणों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से छह गांवों में कार्बन क्रेडिट पर काम शुरू किया है। जिला विकास अधिकारी मोहम्मद असलम के अनुसार, प्रशासन एक संस्था के सहयोग से इन गांवों में आबादी, उपलब्ध सुविधाओं, कृषि की स्थिति, पेयजल स्रोत, वन क्षेत्र और कचरा निस्तारण का मूल्यांकन करेगा, जिसके बाद गांवों को क्रेडिट दिए जाएंगे।

पहले चरण में जौनपुर ब्लॉक के खट्ट, कीर्तिनगर ब्लॉक के थाती डागर, थौलधार ब्लॉक के बगोन, चंबा ब्लॉक के जड़धार, देवप्रयाग ब्लॉक के चपोली और प्रतापनगर के हेरवाल गांव को चिह्नित किया गया है। इन गांवों में पर्याप्त जंगल हैं और कार्बन उत्सर्जन कम करने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाते हैं।

कार्बन क्रेडिट व्यवस्था के तहत कार्बन उत्सर्जन करने वाली गतिविधियों को न्यूनतम करना या बंद करना शामिल है। कूड़ा जलाना, गोबर को खुले में डालना और पेड़ काटना जैसे काम कार्बन उत्सर्जन बढ़ाते हैं। जो गांव उत्सर्जन कम करेंगे, उन्हें क्रेडिट दिए जाएंगे और औद्योगिक इकाइयां इन गांवों से कार्बन क्रेडिट खरीदकर ग्रामीणों को आर्थिक सहयोग देंगी।

जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने कहा कि आने वाले समय को ध्यान में रखते हुए कार्बन क्रेडिट पर काम करना जरूरी है। इससे पर्यावरण संरक्षण होगा और ग्रामीणों की आय भी बढ़ेगी। उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार ने पर्यावरण संरक्षण के लिए सभी राज्यों को कार्बन क्रेडिट पर काम करने के निर्देश दिए हैं और कई राज्यों ने इस पर काम शुरू कर दिया है।