श्रीलंका-ए के खिलाफ सेमीफाइनल में मिली हार के बाद भारतीय कप्तान तिलक वर्मा ने कहा है कि 20 ओवर के बाद विकेट धीमा हो गया था, जिसकी वजह से टीम बड़ा स्कोर नहीं बना सकी। एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 317 रन बनाए थे, जिसे श्रीलंका ने 41.3 ओवरों में हासिल कर लिया। श्रीलंकाई टीम ने एक भी मैच हारे बिना फाइनल में जगह बनाई है।

पोस्ट मैच प्रजेंटेशन में तिलक वर्मा ने कहा, "मुझे लगता है कि 320-330 का स्कोर अच्छा था। 20 ओवर के बाद विकेट में थोड़ा बदलाव आया। पहले 20 ओवर तक गेंद बल्ले पर अच्छी तरह से आ रही थी, लेकिन उसके बाद ऐसा नहीं हुआ। हमने बीच में लगातार विकेट गंवाए और फिर तनुष-शाहबाज ने अच्छी बैटिंग की और 318 रन बोर्ड पर लगाए।"

गेंदबाजी पर उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि पहले 15 ओवर बहुत कठिन रहे। अगर हम उन्हें 6 रन प्रति ओवर पर रोक सकते, तो ये हमारे लिए अच्छा होता। यही हमारा प्लान था, लेकिन हम ऐसा नहीं कर सके।" कप्तान ने श्रीलंका के ओपनर्स को श्रेय देते हुए कहा कि उन्होंने अच्छा खेल दिखाया और उस समय सभी गेंदबाजों को आजमाया जा रहा था।

तिलक वर्मा ने कहा, "ठीक है, ये बस हमारे लिए एक खराब दिन था और श्रीलंका को इसका श्रेय जाता है।" श्रीलंका का फाइनल में मुकाबला बांग्लादेश बनाम पाकिस्तान मैच के विजेता से होगा।