परिसीमन बिल को लेकर संसद में सियासी हलचल के बीच तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के 20 बागी सांसदों को वोटिंग की अनुमति मिलने के संकेत हैं। लोकसभा सचिवालय के सूत्रों के मुताबिक, आगामी विशेष सत्र में ये सांसद अपनी मर्जी से मतदान कर सकेंगे। सत्तारूढ़ पक्ष के लिए बिल पारित कराने की रणनीति में इन सांसदों के वोट अहम माने जा रहे हैं।
यह स्पष्टीकरण टीएमसी की राज्यसभा सांसद सागरिका घोष के सवाल के बाद आया है। उन्होंने कहा था कि इन 20 सांसदों के खिलाफ अयोग्यता की याचिकाएं दायर हुए छह महीने बीत चुके हैं, लेकिन अब तक कोई फैसला नहीं हुआ। उन्होंने सवाल उठाया था कि क्या ऐसे सांसद परिसीमन बिल पर मतदान कर सकेंगे। रिपोर्ट के मुताबिक, लोकसभा सचिवालय के सूत्रों ने बताया कि किसी सांसद को तब तक मतदान से नहीं रोका जा सकता, जब तक उसे औपचारिक रूप से अयोग्य घोषित नहीं कर दिया जाता। अयोग्यता की याचिका लंबित होने मात्र से सांसद के संसदीय अधिकार खत्म नहीं होते।
काकली घोष दस्तीदार के नेतृत्व में ये 20 सांसद इस साल जून में पश्चिम बंगाल में पार्टी की हार के बाद टीएमसी से अलग हो गए थे। इसके बाद उन्होंने एनसीपीआई में शामिल होकर एनडीए को समर्थन दिया था। इनमें सायोनी घोष और यूसुफ पठान भी शामिल हैं। बागी सांसदों ने लोकसभा स्पीकर से टीएमसी सांसदों से अलग बैठने की व्यवस्था करने की मांग की थी, जिसे स्पीकर ने स्वीकार कर लिया था। इसके बाद टीएमसी महासचिव अभिषेक बनर्जी ने सभी 20 सांसदों की सदस्यता खत्म करने के लिए अलग-अलग याचिकाएं दाखिल की थीं।
लोकसभा सचिवालय ने अयोग्यता याचिकाओं के संबंध में 26 अगस्त 2026 को इन सांसदों को नोटिस जारी किए थे। पांच बार समय बढ़ाए जाने के बाद सभी 20 सांसदों ने 24 नवंबर को लोकसभा स्पीकर के सामने अपना लिखित जवाब जमा कर दिया। अब स्पीकर जवाबों की जांच कर अयोग्यता याचिकाओं पर अंतिम फैसला लेंगे। इस बीच टीएमसी ने अयोग्यता की कार्यवाही पर जल्द निर्णय लेने की मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट का भी रुख किया है।
