अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को व्हाइट हाउस में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भारत की 7 प्रतिशत जीडीपी ग्रोथ की तारीफ की। ट्रंप ने भारत का उदाहरण देते हुए अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व पर ब्याज दरें ऊंची रखने को लेकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भारत में ब्याज दरें कम हैं और वहां 7 प्रतिशत जीडीपी ग्रोथ है, जबकि अमेरिका की अर्थव्यवस्था 14, 15 या 20 प्रतिशत तक भी पहुंच सकती थी। ट्रंप ने ब्याज दरें बढ़ाए जाने को दुख की बात बताया।
इसके बाद शनिवार को भारतीय राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई। भाजपा ने इस मुद्दे पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। भाजपा का कहना है कि जहां पूरी दुनिया भारत की तरक्की को मान रही है, वहीं विपक्ष देश की उपलब्धियों से आंखें मूंदे बैठा है।
