उन्नाव के सदर क्षेत्र के एक गांव की महिला ने अपने पांच देवरों पर उसे और उसके पुरुष मित्र को पेड़ से बांधकर पीटने तथा प्रताड़ित कर घर से निकालने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पांचों देवरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सदर कोतवाल चंद्रकांत मिश्र ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

महिला ने पुलिस को बताया कि दो वर्ष पहले जहरीले कीड़े के काटने से उसके पति की मौत हो गई थी। इसके बाद वह अपने बच्चों के साथ ससुराल में रह रही थी। उसका आरोप है कि 12 जुलाई को शाम सात बजे उसका पुरुष मित्र मदद के लिए घर आया था, तभी पांच देवरों ने शक के आधार पर दोनों को पेड़ से बांधकर पीटा।

पीड़िता का आरोप है कि 16 सितंबर को जब वह अपने माता-पिता और दादी के साथ ससुराल पहुंची तो उसे घर में घुसने नहीं दिया गया। 15 नवंबर को दोबारा ससुराल जाने पर आरोपितों ने मारपीट कर उसे भगा दिया।

पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर उसके पांच देवरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले की आगे की जांच जारी है।