विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच चुनाव आयोग के निर्देशों पर उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा विभाग में 15 जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों (बीएसए) के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं। शुक्रवार को आचार संहिता से जुड़े दिशा-निर्देशों के अनुपालन में प्रदेश सरकार ने यह फेरबदल किया। इनमें कई जिलों के बीएसए की आपस में अदला-बदली कर नई तैनाती दी गई है।
गौतमबुद्धनगर के बीएसए राहुल पवार को गाजियाबाद का जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी बनाया गया है, जबकि गाजियाबाद के बीएसए ओम प्रकाश यादव को बलिया स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में वरिष्ठ प्रवक्ता की जिम्मेदारी दी गई है। बिजनौर स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान की वरिष्ठ प्रवक्ता डाली सिकरवार को गौतमबुद्धनगर का बीएसए बनाया गया है। अमरोहा की बीएसए मोनिका को मेरठ और मेरठ की बीएसए आशा चौधरी को अमरोहा भेजा गया है।
कौशांबी के बीएसए कमलेन्द्र कुशवाहा को मीरजापुर और मीरजापुर के बीएसए अनिल कुमार वर्मा को कौशांबी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अयोध्या के बीएसए लालचन्द्र को अमेठी और अमेठी के बीएसए संजय तिवारी को लखीमपुर खीरी भेजा गया है। बलिया के बीएसए मनीष कुमार सिंह को मऊ और मऊ के बीएसए संतोष कुमार उपाध्याय को बलिया भेजा गया है।
संतकबीरनगर के बीएसए अमित कुमार सिंह को इटावा, इटावा के बीएसए राजेश कुमार को संतकबीरनगर, लखीमपुर खीरी के बीएसए प्रवीण कुमार तिवारी को बस्ती और बस्ती के बीएसए अनूप कुमार को अयोध्या भेजा गया है।
