लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने रविवार देर रात 55 पीसीएस अधिकारियों का तबादला कर दिया। चुनाव आयोग के निर्देश के बाद राज्य में तबादलों का सिलसिला तेज हो गया है। आयोग ने तीन साल से एक ही जिले में तैनात अधिकारियों को हटाने का निर्देश दिया है। इससे पहले कई आईएएस अधिकारियों के तबादले किए गए थे, अब पीसीएस अधिकारियों की सूची सामने आई है। इस सूची में विकास प्राधिकरण, नगर निकाय और राजस्व प्रशासन समेत कई विभागों में तैनात अधिकारियों के नाम शामिल हैं।
सूची के अनुसार पीसीएस अधिकारी सुशील प्रताप सिंह को सचिव गाजियाबाद विकास प्राधिकरण बनाया गया है। वेद प्रकाश मिश्रा को एडीएम हापुड़, बृजेश कुमार सिंह को ओएसडी नोएडा, पंकज कुमार को अपर आयुक्त चित्रकूट और विनय कुमार सिंह 2 को सचिव मेरठ विकास प्राधिकरण नियुक्त किया गया है।
रमेश यादव को अपर आयुक्त मेरठ मंडल, ज्योति सिंह को अपर आयुक्त वाराणसी मंडल और विवेक कुमार यादव को अपर आयुक्त आगरा मंडल तैनात किया गया है। सुशील कुमार गोंड को उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी बनाया गया है।
इससे पहले रविवार दोपहर चार आईएएस अधिकारियों के तबादले किए गए थे। 2022 बैच के आईएएस शैलेंद्र कुमार सिंह को फिरोजाबाद का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है। वे अभी तक यमुना एक्सप्रेसवे अथॉरिटी में एसीईओ थे। फिरोजाबाद के सीडीओ शत्रोहन वैश्य को श्रम विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है।
