यूपी बोर्ड ने इटावा जिले में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं के लिए परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी कर दी है। जिले के 71 विद्यालयों में परीक्षाएं होंगी, जिनमें कुल 43,018 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा फरवरी में शुरू होगी।

बोर्ड ने पहले परीक्षा केंद्रों की आनलाइन सूची जारी कर आपत्तियां मांगी थीं। प्राप्त आपत्तियों पर विचार के बाद सूची में बदलाव किया गया। पहले 68 विद्यालयों को केंद्र बनाया गया था, लेकिन अंतिम सूची में यह संख्या बढ़कर 71 हो गई है। पहली सूची में शामिल छह विद्यालय अब केंद्र नहीं होंगे। इन विद्यालयों के प्रबंधन ने आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी न होने के कारण केंद्र बनने से इनकार किया था। केंद्र बनाए जाने के लिए आवेदन करने वाले विद्यालयों में से जरूरत के अनुसार नौ को शामिल किया गया है।

हाईस्कूल परीक्षा में 22,226 और इंटर परीक्षा में 20,792 परीक्षार्थी शामिल होंगे। पिछले साल 67 विद्यालय परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इस बार केंद्रों की संख्या में चार की बढ़ोतरी हुई है। जिले में राजकीय, सहायता प्राप्त और वित्तविहीन श्रेणी के कुल 284 विद्यालय हैं, जिनमें से 71 को केंद्र बनाया गया है।

जिला विद्यालय निरीक्षक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि परीक्षा पूरी निष्पक्षता से कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।