यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट प्रायोगिक परीक्षाएं 5 जनवरी 2027 से 24 फरवरी 2027 तक आयोजित की जाएंगी। बोर्ड सचिव भगवती सिंह के अनुसार इस बार परीक्षाएं देरी से हो रही हैं, क्योंकि जनगणना के कारण शिक्षक जनगणना ड्यूटी में लगे हुए हैं। आमतौर पर ये परीक्षाएं दिसंबर से 15 जनवरी तक चलती थीं।

बोर्ड का प्रयास है कि लिखित परीक्षा शुरू होने से पहले प्रायोगिक परीक्षाएं पूरी कर ली जाएं। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की लिखित परीक्षाएं 5 फरवरी से 24 फरवरी तक निर्धारित हैं। यदि कुछ विद्यालयों में प्रायोगिक परीक्षाएं बाकी रह जाती हैं, तो उन्हें लिखित परीक्षा के बाद कराया जाएगा। इस बार हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के लिए 52,11,570 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं, जबकि पिछले सत्र में 53,37,432 परीक्षार्थी थे।

फिलहाल सभी जिलों में परीक्षा की कापियां पहुंचाने की प्रक्रिया चल रही है। बोर्ड परीक्षा 2027 से जुड़े सभी कर्मियों का परिचयपत्र भी बनवाया जाएगा। बिना परिचयपत्र के ड्यूटी करते मिलने पर कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष परीक्षा के दौरान डीआईओएस कार्यालय के लिपिक और प्रबंधकों की मिलीभगत से कई विद्यालयों में शिक्षकों और कर्मचारियों की फर्जी ड्यूटी लगाए जाने की शिकायतें मिली थीं, जिसके बाद परीक्षा के दौरान व्यापक स्तर पर गड़बड़ी की शिकायतें सामने आई थीं। इसी को देखते हुए परिचयपत्र अनिवार्य करने का कदम उठाया जा रहा है।