उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन की चर्चाओं के बीच कांग्रेस के 39 संभावित प्रत्याशियों की एक सूची सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है। इस सूची में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की कई अहम सीटों के नाम शामिल हैं, जिससे सियासी गलियारों में हलचल है। कांग्रेस के कुछ स्थानीय पदाधिकारी इस सूची को पूरी तरह खारिज नहीं कर रहे और इसे पार्टी की चुनावी तैयारियों से जोड़कर देख रहे हैं।

वायरल सूची में गौतमबुद्ध नगर की नोएडा सीट से रामकुमार तंवर और दिनेश अवाना के नाम सामने आए हैं, जबकि जेवर सीट से अजय छोकर और सतीश शर्मा को संभावित दावेदार बताया गया है। गाजियाबाद जिले की साहिबाबाद सीट से मांगेराम त्यागी और गाजियाबाद विधानसभा सीट से डोली शर्मा का नाम भी सूची में शामिल है। कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना का नाम भी इस सूची में दर्शाया गया है।

इस घटनाक्रम का समय काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि एक तरफ कांग्रेस और सपा के बीच सीटों के तालमेल पर बातचीत की चर्चाएं चल रही हैं, वहीं दूसरी तरफ संभावित उम्मीदवारों की सूची सार्वजनिक हो रही है। राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, गठबंधन की बातचीत में सीटों की दावेदारी सबसे अहम मुद्दा होती है, इसलिए नाम सामने आना महज संयोग नहीं माना जा रहा।

कांग्रेस के कुछ पदाधिकारी भी स्वीकार कर रहे हैं कि वायरल सूची को पूरी तरह मनगढ़त नहीं कहा जा सकता। उनके मुताबिक, चुनाव से पहले पार्टी स्तर पर संभावित प्रत्याशियों को लेकर होमवर्क किया जाता है, जिसमें अलग-अलग सीटों पर सक्रिय नेताओं, उनकी राजनीतिक पकड़, संगठन में भूमिका और चुनाव लड़ने की संभावनाओं का आकलन शामिल होता है। वायरल सूची को इसी तरह की शुरुआती कवायद का हिस्सा बताया जा रहा है।