उत्तर प्रदेश में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) बेकरी उत्पादों में मिलावट, प्रतिबंधित रंगों और रसायनों के इस्तेमाल तथा भ्रामक दावों पर कार्रवाई करेगा। विभाग ने ब्रेड, बिस्कुट, केक, पेस्ट्री, चाकलेट और कैंडी जैसे उत्पादों के निर्माण से लेकर भंडारण, परिवहन और बिक्री तक के मानक तय किए हैं। कैफे और दुकानों के काउंटर पर रखे खुले उत्पाद भी जांच के दायरे में आएंगे।

एफएसडीए की आयुक्त डॉ. रोशन जैकब के अनुसार, दूध, कस्टर्ड और पेस्ट्री फिलिंग जैसे जल्दी खराब होने वाले उत्पादों के लिए कोल्ड चेन बनाए रखना अनिवार्य होगा। सात दिन से कम शेल्फ लाइफ वाले उत्पादों पर उपयोग की अंतिम तिथि अंकित करनी होगी। रोडामिन बी, मेटानिल येलो और सुडान डाई जैसे औद्योगिक रंगों के साथ पोटैशियम ब्रोमेट, पोटैशियम आयोडेट, फार्मेलिन, बोरिक एसिड और सैलिसिलिक एसिड का इस्तेमाल प्रतिबंधित रहेगा।

ब्रेड के नाम पर भ्रामक बिक्री पर भी कार्रवाई होगी। होल व्हीट ब्रेड में कुल आटे का कम से कम 75 प्रतिशत साबुत गेहूं का आटा, मल्टीग्रेन ब्रेड में 20 प्रतिशत अन्य अनुमन्य अनाज और मिल्क ब्रेड में छह प्रतिशत दूध के ठोस पदार्थ होने चाहिए। ओट, ब्रान, हनी और फ्रूट ब्रेड में भी संबंधित सामग्री की निर्धारित मात्रा जरूरी होगी। पैकेट पर सामग्री की सूची, एलर्जेन संबंधी जानकारी, पोषण विवरण, बैच नंबर, निर्माण एवं समाप्ति तिथि और 14 अंकों का एफएसएसएआई लाइसेंस नंबर देना अनिवार्य होगा।

कैफे में दूध को उचित तापमान पर रखना, सुरक्षित पेयजल का इस्तेमाल और उपकरणों की नियमित सफाई जरूरी होगी। कारोबारियों को लाइसेंस, कच्चे माल की खरीद के बिल, आपूर्तिकर्ताओं का विवरण, बैच, रेसिपी और शेल्फ लाइफ का रिकार्ड रखना होगा। कर्मचारियों के मेडिकल रिकार्ड, पेयजल जांच रिपोर्ट, कीट नियंत्रण और तापमान संबंधी दस्तावेजों की भी जांच होगी। असुरक्षित उत्पाद मिलने पर उसे बाजार से वापस मंगाने की व्यवस्था और वितरण का पूरा ब्योरा उपलब्ध कराना होगा।