उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज ने प्रशिक्षित स्नातक सहायक अध्यापक (टी.जी.टी.) भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 23 नवंबर 2026 से बढ़ाकर 28 नवंबर 2026 कर दी है। आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि यह निर्णय उच्च न्यायालय में आशुतोष मिश्र व 156 अन्य बनाम उत्तर प्रदेश राज्य व अन्य मामले में 20 नवंबर 2026 को पारित अंतरिम आदेश के अनुपालन तथा आयोग के निर्णय के क्रम में लिया गया है।

आयोग के उप सचिव संजय कुमार सिंह के अनुसार विज्ञापन संख्या 07/2026 का प्रकाशन 23 अक्टूबर 2026 को हुआ था और ऑनलाइन पंजीकरण (ओ.टी.आर.) एवं आवेदन प्रक्रिया 24 अक्टूबर 2026 से शुरू हुई थी। संशोधित समय-सारिणी के मुताबिक अभ्यर्थी अब 28 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन शुल्क जमा कर सकेंगे। ऑनलाइन आवेदन में संशोधन की अंतिम तिथि भी बढ़ाकर 30 नवंबर 2026 कर दी गई है।

डॉ. प्रशांत कुमार ने स्पष्ट किया कि टी.जी.टी. पद की लिखित परीक्षा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 23 और 24 दिसंबर 2026 को ही आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी विस्तृत विज्ञापन का सावधानीपूर्वक अध्ययन करते हुए अपनी अर्हतानुसार नई निर्धारित अंतिम तिथि 28 नवंबर 2026 तक अपना आवेदन पूरा कर लें। विज्ञापन से संबंधित अन्य सभी नियम, शर्तें एवं विवरण यथावत रहेंगे।