उत्तर प्रदेश में इन दिनों मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिल रहा है। सुबह और रात के समय ठंड बढ़ रही है, जबकि दिन में धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिल रही है। मौसम विभाग के अनुसार नवंबर के अंत तक मौसम का यही स्वरूप बने रहने की संभावना है। शुक्रवार और शनिवार की सुबह कोहरे का असर बढ़ सकता है, जबकि दो दिसंबर तक कोहरे में कमी रह सकती है।

प्रादेशिक मौसम केंद्र के मुताबिक शुक्रवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.6 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 11.9 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में अधिकतम नमी 93 प्रतिशत और न्यूनतम 38 प्रतिशत दर्ज की गई। प्रदेश के कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है।

शुक्रवार को कानपुर में न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 25.8 डिग्री सेल्सियस रहा। हरदोई में न्यूनतम तापमान नौ डिग्री, बस्ती में 9.6 डिग्री और अयोध्या में 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार 28 नवंबर को पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश दोनों हिस्सों में कहीं-कहीं घना कोहरा छाने की संभावना है। इसके बाद 29 नवंबर से तीन दिसंबर तक सुबह के समय कहीं-कहीं छिछला से मध्यम कोहरा रह सकता है। आने वाले दिनों में सुबह और रात की ठंड बढ़ने के साथ दिन में धूप का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।