प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद हाई कोर्ट ने राज्य सरकार से प्रदेश के टॉप 50 माफियाओं की सूची मांगी है। कोर्ट ने यह भी निर्देश दिया है कि सरकार बताए कि किसी आरोपी को माफिया घोषित करने के लिए किन धाराओं में केस दर्ज होना जरूरी है और प्रशासनिक स्तर पर इसकी प्रक्रिया क्या है। यह आदेश देवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ गुब्बार की ओर से दायर याचिका पर सुनवाई के दौरान जारी किया गया।
बहराइच के गुब्बार सिंह ने खुद को भू-माफिया घोषित किए जाने के खिलाफ हाई कोर्ट में याचिका दाखिल की थी। याचिका में उन्होंने खुद को निर्दोष बताया था। मामले पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने यूपी सरकार से पूछा है कि माफिया या भू-माफिया घोषित करने का मानदंड क्या है।
कोर्ट की ओर से जानकारी मांगे जाने पर सरकार की ओर से पेश वकील ने दो सप्ताह का समय मांगा। सरकारी वकील ने कहा कि सरकार इस अवधि में अपना जवाब दाखिल करेगी और टॉप माफियाओं की सूची कोर्ट को सौंपी जाएगी। अब मामले में सरकार के जवाब का इंतजार है।
हाल के समय में माफियाओं को लेकर राजनीति भी गरमाई हुई है। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से हाई कोर्ट द्वारा माफियाओं की सूची जारी किए जाने को लेकर राजनीति की जा रही है। माना जा रहा है कि हाई कोर्ट के इस आदेश से प्रदेश में माफियाओं पर चर्चा फिर तेज हो सकती है।
