वाराणसी में भारत सरकार के प्रशासनिक सुधार एवं लोक शिकायत विभाग की ओर से कमिश्नरी ऑडिटोरियम बिल्डिंग में उत्तर प्रदेश जनहित गारंटी अधिनियम 2011 और सूचना का अधिकार अधिनियम 2005 के प्रभावी क्रियान्वयन पर एकदिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें वाराणसी मंडल के पदाविहित अधिकारियों और जन सूचना अधिकारियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यशाला का उद्देश्य अधिकारियों को कानून के प्रावधानों की विस्तृत जानकारी देकर जन सेवाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना था।

कार्यशाला में नोडल अधिकारी एवं स्टेट रिसोर्स पर्सन डॉक्टर राहुल सिंह ने सूचना का अधिकार अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि किन परिस्थितियों में सूचना उपलब्ध करानी अनिवार्य है और किन मामलों में सूचना देने से छूट प्राप्त है। उन्होंने अधिनियम की विभिन्न धाराओं के उपयोग, आवेदन निस्तारण की प्रक्रिया, प्रथम एवं द्वितीय अपील की व्यवस्था तथा सूचना देने में लापरवाही होने पर लगने वाले जुर्माने के नियमों की भी जानकारी दी। साथ ही यह भी समझाया कि लगाए गए जुर्माने के खिलाफ किस स्तर पर और किस प्रकार अपील की जा सकती है।

कार्यशाला में वीके गंगवार ने उत्तर प्रदेश जनहित गारंटी अधिनियम 2011 के प्रावधानों पर अधिकारियों को प्रशिक्षित किया। उन्होंने बताया कि जनहित गारंटी अधिनियम और सूचना का अधिकार अधिनियम के कई नियम और प्रक्रियाएं समान प्रकृति की हैं, जिनका उद्देश्य नागरिकों को समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना और प्रशासनिक जवाबदेही तय करना है। इस दौरान अधिकारियों को सेवा वितरण की समय सीमा, शिकायत निवारण तंत्र तथा पारदर्शी प्रशासन की आवश्यकता पर भी विशेष रूप से जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में पंकज सक्सेना, उप मुख्य निरीक्षक, शोध अधिकारी विपिन यादव, प्रशासनिक सुधार विभाग की निरीक्षक प्रज्ञा सिंह तथा विभिन्न विभागों के जन सूचना अधिकारी एवं प्रथम अपीलीय अधिकारी मौजूद रहे।