अमेरिका में विदेशी वर्कर्स को एंप्लॉयमेंट-बेस्ड ग्रीन कार्ड देने वाली कंपनियों के लिए नियम सख्त करने का प्रस्ताव सामने आया है। डिपार्टमेंट ऑफ लेबर के अनुसार, इन बदलावों का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि हाई-स्किल और ज्यादा सैलरी वाली नौकरियां पहले अमेरिकी नागरिकों को मिलें, और ऐसा न होने पर ही कंपनियां विदेशी वर्कर्स की हायरिंग कर सकें।

लेबर सेक्रेटरी कीथ सोंडरलिंग ने प्रस्ताव का ऐलान करते हुए कहा कि अमेरिकी कर्मचारी दुनिया में सबसे अच्छे हैं और वे सबसे पहले और सबसे बेहतरीन नौकरी के अवसरों के हकदार हैं। यह प्रस्ताव 'परमानेंट लेबर सर्टिफिकेशन प्रोग्राम' (PERM) में बड़ा बदलाव करने के लिए है, जो पिछले लगभग 20 सालों में इस कार्यक्रम में पहला बड़ा सुधार होगा। गौरतलब है कि कंपनियों को विदेशी वर्कर को नौकरी पर रखने से पहले यह साबित करना पड़ता है कि जॉब के लिए अमेरिका में कोई वर्कर नहीं मिला और विदेशी वर्कर को रखने से किसी अमेरिकी की सैलरी या स्थिति पर बुरा असर नहीं होगा। इसके लिए सरकार से PERM सर्टिफिकेट लेना पड़ता है, जो EB-2 और EB-3 कैटेगरी के कई एंप्लॉयमेंट-बेस्ड ग्रीन कार्ड आवेदनों के लिए जरूरी होता है। हालांकि, सिर्फ PERM की मंजूरी से ग्रीन कार्ड नहीं मिल जाता।

प्रस्तावित नियम के तहत कंपनियों को प्रिंट के बजाय अपनी वेबसाइट, ऑनलाइन जॉब पोर्टल और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर नौकरी का विज्ञापन देना होगा, जबकि जॉब फेयर और कैंपस रिक्रूटमेंट का ऑप्शन भी खुला रहेगा। विज्ञापन कम से कम 90 कैलेंडर दिनों तक खुला रखना होगा और अमेरिकी आवेदकों की प्रोफाइल पर गंभीरता से विचार करना होगा। अगर किसी कंपनी ने पिछले 2 साल में उसी जॉब से किसी अमेरिकी वर्कर को निकाला है, तो उस पॉजिशन पर विदेशी के लिए PERM अप्लाई नहीं किया जा सकेगा। PERM के लिए अप्लाई करने के बाद छंटनी होने पर कंपनी को पहले निकाले गए योग्य अमेरिकी वर्कर को मौका देना होगा और 5 वर्किंग डे के भीतर डिपार्टमेंट ऑफ लेबर और USCIS को सूचना देनी होगी। साथ ही 'शेड्यूल A' के तहत मिलने वाली प्रशासनिक छूट खत्म करने का भी प्रस्ताव है, जिसके तहत अब तक प्रोफेशनल नर्सों, फिजिकल थेरेपिस्ट और विज्ञान या कला की फील्ड में असाधारण योग्यता रखने वालों को सामान्य लेबर मार्केट टेस्ट से छूट मिलती थी।

फिलहाल इन बदलावों को अंतिम रूप नहीं दिया गया है। 17 नवंबर को फेडरल रजिस्टर में प्रकाशन के बाद डिपार्टमेंट ऑफ लेबर ने जनता को इस प्रस्ताव पर राय देने के लिए 60 दिनों का समय दिया है। यह प्रस्ताव अमेरिकी सरकार की उस बड़ी योजना का हिस्सा है, जिसका मकसद कंपनियों के जरिए होने वाले इमिग्रेशन रास्तों को सख्त करना और अमेरिकी वर्कर्स के हितों की रक्षा करना है। अगर इसे अंतिम रूप दे दिया जाता है, तो अमेरिका में ग्रीन कार्ड के लिए विदेशी कर्मचारियों को स्पॉन्सर करने की PERM प्रक्रिया कंपनियों के लिए काफी कठिन हो जाएगी।