सूरत के उधना रेलवे स्टेशन पर पश्चिम रेलवे द्वारा बनाया गया विशाल यात्री सुविधा केंद्र त्योहारी सीजन में गेमचेंजर साबित हुआ है। एक अनुमान के अनुसार दिवाली से छठ पूजा तक तीन लाख से अधिक यात्रियों ने इस केंद्र का इस्तेमाल किया। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल समेत अन्य राज्यों की ओर जाने वाले प्रवासी यात्रियों के लिए यह केंद्र मददगार रहा।
पश्चिम रेलवे ने सूरत में रहने वाले हजारों श्रमिकों और उनके परिवारों की सुविधा के लिए इस केंद्र का निर्माण कराया था, ताकि त्योहारों और छुट्टियों के दौरान यात्रियों की अधिक भीड़ को बेहतर ढंग से संभाला जा सके। रेलवे ने मानसून और मिट्टी संबंधी कठिन परिस्थितियों के बावजूद लगभग पांच महीनों में इसका निर्माण पूरा किया और 31 अक्टूबर 2026 यानी एकता दिवस पर इसे यात्रियों के लिए खोल दिया गया। करीब 40 करोड़ की लागत से बना यह केंद्र अभी भारतीय रेल का सबसे बड़ा यात्री सुविधा केंद्र है।
10,224 वर्ग मीटर में फैले इस केंद्र में एक समय में लगभग 15,000 यात्रियों के ठहरने की क्षमता है। स्टेशन पर पहले से मौजूद 2,550 वर्ग मीटर का होल्डिंग एरिया भी यात्रियों के लिए उपलब्ध है। केंद्र में टिकट लेने से पहले, टिकट लेने के दौरान और उसके बाद के लिए अलग-अलग क्षेत्र बनाए गए हैं। यात्री टिकट प्रक्रिया पूरी करने के बाद निर्धारित होल्डिंग एरिया में प्रतीक्षा कर सकते हैं और फिर अपनी ट्रेन के लिए प्लेटफॉर्म की ओर बढ़ सकते हैं। पश्चिम रेलवे के एक आधिकारिक बयान के अनुसार इस व्यवस्था से व्यस्त समय में यात्रियों की आवाजाही को बेहतर ढंग से नियंत्रित करने और प्लेटफॉर्म तथा स्टेशन के प्रवेश मार्गों पर भीड़भाड़ का दबाव कम करने में मदद मिलती है।
केंद्र में 10 टिकट काउंटर, ढका हुआ होल्डिंग एरिया, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के बैठने की व्यवस्था, अलग शौचालय, शिशुओं को स्तनपान कराने के लिए विशेष कक्ष और आरओ से शुद्ध पेयजल की सुविधा है। यात्रियों के लिए 32 बड़े पंखे लगाए गए हैं, जबकि इलेक्ट्रॉनिक ट्रेन डिस्प्ले बोर्ड, दिशा-सूचक संकेतक और 146 स्पीकर वाला उद्घोषणा सिस्टम जरूरी जानकारी पहुंचाने में मदद करता है। निगरानी के लिए 55 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जो चेहरा पहचानने और वीडियो विश्लेषण की तकनीक से लैस हैं। एक विशेष वॉर रूम के माध्यम से लगातार निगरानी की जाती है। पर्याप्त रोशनी, अग्नि सुरक्षा और आपातकालीन इंतजाम भी किए गए हैं। 1 से 15 नवंबर 2026 के बीच उधना से लगभग 7 लाख यात्रियों ने रेल यात्रा की। इस दौरान पश्चिम रेलवे ने उधना से 62 स्पेशल ट्रेनें, जिनमें अधिकांश अनारक्षित थीं, और 136 नियमित ट्रेनें संचालित कीं।
