उत्तराखंड कैबिनेट ने ग्रामीण क्षेत्रों में जल जीवन मिशन के साथ ही पहले से बनी सभी पेयजल योजनाओं के संचालन एवं रखरखाव की नीति को अनुमोदित कर दिया है। इस नीति को पूर्व में विचलन के माध्यम से स्वीकृति दी गई थी। नीति के तहत ग्रामीण क्षेत्रों की 15 हजार पेयजल योजनाओं में से गुरुत्वाधारित 8965 एकल ग्राम पेयजल योजनाओं का संचालन एवं रखरखाव ग्राम पंचायत की पेयजल एवं ग्राम स्वच्छता समिति के माध्यम से किया जाएगा।
नीति के अनुसार ग्राम पंचायतें इसके लिए जल कर भी वसूल सकेंगी, जिसका उपयोग योजनाओं के संचालन व रखरखाव में होगा। इन्हें छूट दी गई है कि वे जल संस्थान की ओर से निर्धारित दरों को अपनाएं या अपने क्षेत्र की स्थिति के अनुसार इन्हें कम-ज्यादा भी कर सकती हैं। जिन एकल गांव की पेयजल योजनाओं का स्रोत पांच किलोमीटर या इससे अधिक दूर है, उनका संचालन व रखरखाव जल निगम अथवा जल संस्थान करेगा। यदि किसी गांव की पेयजल योजना पंपिंग या ट्यूबवैल आधारित है तो उसका संचालन व रखरखाव भी संबंधित कार्यदायी संस्था ही करेगी। समूह पेयजल योजनाएं जल संस्थान व पेयजल निगम के जिम्मे ही रहेंगी।
कैबिनेट में राजस्व विभाग के अंतर्गत राजस्व निरीक्षक (सुपरवाइजर कानूनगो) और रजिस्ट्रार कानूनगो के पदों पर पटवारी-लेखपाल की वरिष्ठता के आधार पर पदोन्नति करने और राजस्व निरीक्षक व रजिस्ट्रार कानूनगो के पदों को एकीकृत कर राजस्व उप निरीक्षक बनाने के साथ ही नायब तहसीलदार व सहायक भूलेख अधिकारी पदों पर पदोन्नति के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। इस सिलसिले में उत्तराखंड अधीनस्थ राजस्व कार्यपालक (राजस्व निरीक्षक) सेवा नियमावली तैयार करने के संबंध में मंत्रिमंडल की उपसमिति गठित करने का निर्णय लिया गया।
