वाराणसी में वायु प्रदूषण लगातार खतरनाक स्तर पर बना हुआ है। मंगलवार को नदेसर, भगवानपुर, दुर्गाकुंड और निराला नगर में एक्यूआई 342 से 351 के बीच दर्ज किया गया, जबकि सोमवार को 297 एक्यूआई के साथ वाराणसी सर्वाधिक प्रदूषित शहर रहा। स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में शहर की रैंकिंग लगातार गिर रही है—2023 में तीसरा, 2024 में नौवां, 2025 में 11वां और 2026 में 34वां स्थान रहा। बढ़ते प्रदूषण से सांस और फेफड़ों के मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है।

प्रदूषण के मुख्य कारणों में वाहनों का धुआं, उड़ती धूल, कूड़ा जलाना और पराली जलाना शामिल हैं। शहर में वाहनों की संख्या बढ़ रही है और 10 से 15 साल पुराने डीजल व पेट्रोल वाहन सड़कों पर चल रहे हैं। जाम में फंसे वाहन धुआं छोड़ते हैं। चौराहों पर अतिक्रमण से जाम और गंभीर हो जाता है। गंगा नदी में भी कई नाव धुआं उगलते हुए चल रहे हैं। चितईपुर के अलावा बाहरी इलाकों की फैक्ट्रियों का धुआं और निर्माण कार्य के दौरान उड़ती धूल भी असर डाल रही है। आबादी बढ़ने से कूड़ा भी ज्यादा निकल रहा है और कई जगह उसे जला दिया जा रहा है। सालिड वेस्ट मैनेजमेंट से पूरे कूड़े का निस्तारण नहीं हो पा रहा है। अराजी लाइन के लालपुर और सेवापुरी विकास खंड के भीखमपुर में पराली जलाने के मामले सामने आए हैं।

भोजुबीर, कचहरी, अर्दली बाजार, पांडेयपुर, सिगरा, अंधरापुल, भेलूपुर, चेतगंज, मंडुवाडीह, रथयात्रा और महमूरगंज में प्रभावी कार्य योजना के अभाव में जाम लगता है। कैंट स्टेशन, कचहरी, भोजूबीर चौराहा, अंधरापुल, महमूरगंज और मंडुआडीह जैसे क्षेत्रों में यातायात का सबसे ज्यादा दबाव है और यहां मापक यंत्र की जरूरत है। अभी मलदहिया, अर्दली बाजार, भेलूपुर और बीएचयू में ही प्रदूषण मापक यंत्र लगे हैं। मलदहिया में नौ नवंबर को एक्यूआई 311 रहा और 15 नवंबर से यह 239 से ऊपर बना हुआ है। भेलूपुर में 15 नवंबर से एक्यूआई 237 के ऊपर है। अर्दली बाजार 15 नवंबर को रेड जोन में 216 और 16 नवंबर को 225 दर्ज किया गया। बीएचयू में आठ और नौ नवंबर को छोड़कर शेष दिन एक्यूआई 181 के नीचे रहा।

नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी ने कहा कि एक्यूआई स्तर के लिए चौराहों पर डिजिटल स्क्रीन डिस्प्ले बोर्ड लगे हैं और इसी रिपोर्ट के आधार पर हर दिन स्प्रिंकलर से पानी का छिड़काव कराया जाता है। उन्होंने कहा कि हर स्तर पर कार्य की जरूरत है और सामूहिक प्रयास से पौधारोपण बढ़ाना जरूरी है।