देव दीपावली पर वाराणसी के घाटों को रोशन करने वाले 21 लाख जले मिट्टी के दीपों को गंगा में प्रवाहित करने के बजाय रामना स्थित कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज (सीएंडडी) प्लांट भेजा गया है। यहां इनका प्रसंस्करण कर निर्माण सामग्री बनाने में कच्चे माल के रूप में उपयोग किया जाएगा। नगर निगम के अनुसार, धार्मिक सामग्री की पवित्रता का ध्यान रखते हुए इनके निस्तारण की व्यवस्था की गई है।

आयोजन समाप्त होने के बाद मंगलवार रात दस बजे से नगर निगम के सफाईकर्मी घाटों पर जुट गए थे। 250 से अधिक कर्मचारियों ने रातभर अभियान चलाकर घाटों की सीढ़ियों और किनारों से जले दीपक तथा उनसे जुड़े अवशेष एकत्र किए। गंगा के इस पार और दूसरी ओर रेती पर बीटवार ग्रिड बनाकर सफाई कराई गई। बुधवार सुबह तक 84 घाटों से करीब 45 टन दीपों का उठान पूरा कर लिया गया, जिससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए सामान्य आवागमन बना रहा।

रामना स्थित सीएंडडी प्लांट की प्रतिदिन 200 मीट्रिक टन प्रसंस्करण क्षमता है। यहां जले मिट्टी के दीपों को पीसकर निर्माण सामग्री तैयार करने में कच्चे माल के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा, जिससे अपशिष्ट का पुनर्चक्रण संभव होगा।

दीपकों के साथ बची बाती, तेल और अन्य पूजन सामग्री के नदी में पहुंचने से ठोस कचरा बढ़ता है। तेल और दूसरे अवशेष पानी की गुणवत्ता को प्रभावित कर सकते हैं, जिससे मछलियों और अन्य जलीय जीवों के भोजन तथा प्राकृतिक आवास पर असर पड़ सकता है। दीपों को अलग एकत्र कर निस्तारण करने से इस तरह के कचरे को गंगा में जाने से रोका जा सकता है।