वाराणसी के भेलूपुर थाना क्षेत्र के तुलसीपुर मोहल्ले में एक डोसा दुकान पर तोड़फोड़ का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। लल्लापुरा निवासी मनोज चौरसिया की कुछ दिनों पहले दुकान पर कुछ लोगों ने मिलकर पिटाई कर दी थी। शिकायत के बाद भी पुलिस द्वारा कार्रवाई न किए जाने से नाराज उनकी बेटी तनिषा चौरसिया दुकान पर पहुंची और तोड़फोड़ की। इस दौरान उसने सामान भी फेंका, जिसका वहां मौजूद कुछ महिला ग्राहकों ने विरोध किया।
वायरल फुटेज के अनुसार रात करीब आठ बजे दो युवतियां एक्टिवा से दुकान पर पहुंचीं। एक युवती वीडियो बना रही थी जबकि दूसरी जोर-जोर से चिल्ला रही थी। पिता की पिटाई के बाद कार्रवाई न होने पर वह दुकान में घुसी और डोसा बनाने का सामान फेंकने लगी। इस दौरान एक महिला ने युवतियों के कृत्य का विरोध किया, जिससे उनकी बहस हो गई। दुकान संचालक बाल मुकुंद पांडेय ने युवतियों पर गल्ले में हाथ डालने का आरोप भी लगाया है, हालांकि फुटेज में यह नहीं दिख रहा है।
दुकान संचालक की तहरीर पर पुलिस ने दो युवतियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। केस दर्ज होने के बाद तनिषा चौरसिया ने एक वीडियो बनाकर अपना पक्ष रखा है। उन्होंने दुकानदार की ओर से लगाए गए रंगदारी मांगने समेत अन्य आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि दुकानदार और वहां काम करने वाले ने उनके पिता की बेरहमी से पिटाई की थी, जिससे पिता का सिर फट गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि पिता ने शराब पी थी, जबकि पुलिस ने उनका मेडिकल कराया था, जिसमें शराब सेवन का कहीं जिक्र नहीं है।
एसीपी भेलूपुर गौरव सिंह का कहना है कि वायरल वीडियो के मामले में केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
