वाराणसी के मंडलीय चिकित्सालय में ओपीडी अब पूरी तरह डिजिटल हो गई है। यहां मरीजों की दवाइयां और जांच ऑनलाइन लिखी जा रही हैं, जबकि रिपोर्ट एसएमएस और वाट्सएप के जरिए उनके मोबाइल पर भेजी जा रही है। चिकित्सालय में रोजाना करीब 1500 से 1700 मरीज आते हैं।

आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (एबीडीएम) के तहत डिजिटल ओपीडी और ई-प्रिस्क्रिप्शन की शुरुआत शिशु रोग विभाग में डॉ. मृदुला मलिक के कक्ष से की गई है। प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार के मुताबिक यह व्यवस्था पूर्वांचल में सबसे पहले मंडलीय चिकित्सालय में लागू की गई है। चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण की सचिव एवं एबीडीएम की प्रबंध निदेशक रितु माहेश्वरी पूर्वांचल समेत पूरे प्रदेश में एबीडीएम के विस्तार के लिए अधिकारियों को लिखित निर्देश दे चुकी हैं।

नई व्यवस्था के तहत अब कोई डॉक्टर बाहरी दवा नहीं लिख पाएगा। दवा सूची के हिसाब से ही लिखी और मरीजों को वितरित की जाएगी। ई-प्रिस्क्रिप्शन में दवा का नाम, डोज, समय की अवधि, चिकित्सक का नाम और बीमारी का नाम अंकित होगा। चिकित्सालय की प्रत्येक ओपीडी और इमरजेंसी का पंजीकरण 14 अंकों की यूनिक आईडी आभा (आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट) आधारित हो रहा है। मरीज घर बैठे पर्चा बनवा सकते हैं और अस्पताल पहुंचने पर टोकन नंबर बताते ही पर्चे का प्रिंट निकल जाएगा।

इससे मरीजों को भीड़ और लाइन में लगने से राहत मिलेगी। अगर किसी मरीज को एक ओपीडी के अलावा किसी अन्य ओपीडी में दिखाना हो तो नया पर्चा नहीं बनवाना पड़ेगा। डॉक्टर द्वारा लिखा गया मेडिकल रिकॉर्ड सुरक्षित रहेगा और प्रदेश समेत देश के किसी भी सरकारी या निजी अस्पताल में मरीज का चिकित्सकीय इतिहास देखा जा सकेगा। जिले में पांच जिलास्तरीय चिकित्सालय, 14 सीएचसी और 38 पीएचसी हैं, लेकिन अन्य अस्पतालों ने इसका पालन शुरू नहीं किया है।