सड़क सुरक्षा बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस को मोटर वाहन अधिनियम के तहत कई अधिकार मिले हैं। अक्सर लोगों को यह जानकारी नहीं होती कि पुलिस किन परिस्थितियों में गाड़ी जब्त कर सकती है और सीज होने के बाद उसे छुड़ाने की कानूनी प्रक्रिया क्या है। मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 207 के तहत ट्रैफिक पुलिस या अधिकृत परिवहन अधिकारी नियमों का उल्लंघन होने पर गाड़ी को मौके पर ही जब्त कर सकते हैं। हालांकि, हर नियम टूटने पर गाड़ी सीज नहीं होती। जब्ती से पहले अधिकारी को आधिकारिक रसीद या सीजर मेमो तैयार करना होता है, जिसमें गाड़ी का नंबर, इंजन और चेसिस नंबर, जब्ती की वजह, समय, जगह और गाड़ी में रखे सामान का ब्योरा दर्ज होता है। सीज की गई गाड़ी नजदीकी पुलिस स्टेशन या ट्रैफिक पुलिस के निर्धारित यार्ड में खड़ी की जाती है।

गाड़ी सीज होने पर घबराने की जरूरत नहीं है। सबसे पहले पुलिस की दी गई रसीद संभाल कर रखें। यह मामला सामान्य ऑन-स्पॉट जुर्माने से आगे बढ़कर वर्चुअल कोर्ट या मजिस्ट्रेट कोर्ट में जाता है। आप परिवहन पोर्टल पर अपनी गाड़ी के चालान की स्थिति ऑनलाइन देख सकते हैं। गाड़ी छुड़ाने के लिए चालान कॉपी, रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (RC), ड्राइविंग लाइसेंस, वैध इंश्योरेंस पॉलिसी, PUC सर्टिफिकेट और मालिक की आईडी की फोटोकॉपी तैयार रखनी होगी।

इसके बाद संबंधित कोर्ट में दस्तावेजों के साथ मजिस्ट्रेट के सामने पेश हों या किसी स्थानीय वकील की मदद लें। अधूरे दस्तावेज पहले बनवाकर कोर्ट में दिखाएं। मजिस्ट्रेट अपराध की गंभीरता देखकर जुर्माना तय करेंगे और जुर्माना भरने के बाद रिलीज ऑर्डर जारी करेंगे। रिलीज ऑर्डर, जुर्माने की रसीद और दस्तावेज लेकर उस पुलिस स्टेशन या ट्रैफिक यार्ड में जाएं जहां गाड़ी खड़ी है। वहां अधिकारी दस्तावेजों और कोर्ट के आदेश का सत्यापन करेंगे और रजिस्टर में हस्ताक्षर के बाद गाड़ी सौंप दी जाएगी।

सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के नियमों के मुताबिक DigiLocker या mParivahan ऐप में सुरक्षित डिजिटल दस्तावेज पूरी तरह मान्य हैं। सिर्फ फिजिकल कागज न होने के आधार पर पुलिस गाड़ी सीज नहीं कर सकती। यार्ड से गाड़ी लेते समय उसकी बॉडी, टायर, बैटरी और अंदर रखे सामान की जांच कर लें कि कहीं कोई नुकसान तो नहीं हुआ। सामान्य चेकिंग के दौरान ट्रैफिक पुलिस को गाड़ी की चाबी निकालने या टायर की हवा निकालने का अधिकार नहीं है, जब तक वाहन सीज करने की प्रक्रिया शुरू न हो जाए।