वृंदावन के कथावाचक इंद्रदेव सरस्वती पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली पीड़िता मंगलवार को बयान दर्ज कराने वृंदावन थाने पहुंची और आरोपित की गिरफ्तारी की मांग की। मंगलवार सुबह साढ़े नौ बजे राधा आर्चिड में प्रेसवार्ता कर पीड़िता ने बताया कि वर्ष 2023 में मुंबई में सोशल मीडिया के जरिए उन्होंने इंद्रदेव महाराज को अपना गुरु बनाया था। पारिवारिक कलह से परेशान होकर वे आश्रम आने-जाने लगीं। इसी दौरान आरोप है कि महाराज ने उनकी छोटी बेटी के जरिए उनका नंबर लिया और अश्लील बातें व मैसेज करने शुरू कर दिए। ब्लॉक करने के बावजूद वे अलग-अलग नंबरों से संपर्क करते रहे।

आरोप है कि चार नवंबर 2025 को दीपावली के समय महाराज ने उन्हें आश्रम बुलाया और रात में अपने कमरे में ले जाकर खुद को उनका पति बताते हुए दुष्कर्म किया। इसके बाद 26 जनवरी 2026 तक वे संपर्क में रहे। आरोप है कि वीडियो कॉल पर उनकी संपत्ति का हिसाब मांगने के साथ-साथ उनकी बड़ी और साढ़े नौ वर्ष की छोटी बेटी को भी अपने पास भेजने का दबाव बनाया जाने लगा। आश्रम में छोटी बेटी को 15 मिनट के लिए कमरे में ले जाने का भी आरोप है।

पीड़िता ने दावा किया कि मामला रफा-दफा करने के लिए उन्हें 15 लाख रुपये का ऑफर दिया गया, लेकिन उन्हें पैसा नहीं, बल्कि इंसाफ चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि आश्रम में अवैध गतिविधियां चलती हैं और कई अन्य महिलाएं भी शिकार हुई हैं, जो डर के कारण सामने नहीं आ रही हैं। पीड़िता ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि एफआईआर दर्ज होने के 20-25 दिन बाद भी आरोपी फरार है और उस पर कोई सख्त कार्रवाई नहीं हो रही। उन्होंने चेतावनी दी कि उनके चरित्र पर कीचड़ उछालने वाले समर्थकों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर सामाजिक कार्यकर्ता तृप्ति देसाई और संजय हरियाणा आदि उपस्थित रहे।