उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद वृंदावन को सुंदर, सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए करीब 90 करोड़ रुपये की चार प्रमुख परियोजनाओं पर काम कर रहा है। परिषद ने धार्मिक नगरी की सांस्कृतिक पहचान को ध्यान में रखते हुए इन योजनाओं की रूपरेखा तैयार की है।
सबसे बड़ी परियोजना छटीकरा-वृंदावन मार्ग के सुंदरीकरण और सुदृढ़ीकरण की है, जिस पर 40 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसमें आधुनिक लाइटिंग, फुटपाथ, हरियाली और ब्रज संस्कृति को दर्शाती कलाकृतियों से सजी दीवारें विकसित की जाएंगी। वहीं पंचकोसीय परिक्रमा मार्ग के भवनों, आश्रमों और अन्य संरचनाओं पर 21.80 करोड़ रुपये की लागत से फसाड कार्य कराया जाएगा, जिससे मार्ग को एक समान स्थापत्य शैली में विकसित किया जा सके। इसके लिए 10.90 करोड़ रुपये अवमुक्त किए जा चुके हैं।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए करीब 22 करोड़ रुपये की लागत से प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। शासन स्तर से आठ करोड़ रुपये की प्रारंभिक धनराशि जारी हो चुकी है। सभी कैमरों को केंद्रीयकृत कंट्रोल रूम से जोड़ा जाएगा, जिससे यातायात नियंत्रण, भीड़ की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी। प्रमुख पर्वों और धार्मिक आयोजनों के दौरान यह व्यवस्था विशेष रूप से उपयोगी होगी।
यमुना के धार्मिक महत्व को देखते हुए अक्रूर घाट के निर्माण के लिए 6.35 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिसमें से 3.17 करोड़ रुपये जारी हो चुके हैं। सिंचाई विभाग की देखरेख में बनने वाले इस घाट से श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना और धार्मिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी।
