पश्चिमी सिंहभूम के बड़ाजामदा में मंगलवार दोपहर सेंट्रल अस्पताल चौक के पास पुराने लकड़ी डिपो के समीप झाड़ियों से एक नरकंकाल बरामद हुआ। पुलिस ने कंकाल को फॉरेंसिक जांच के लिए जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल भेज दिया है। परिजनों के लिखित आवेदन पर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
मृतक की पहचान पंडराशाली गांव निवासी धनंजय आपट (70 वर्ष) के रूप में की गई। परिजनों ने घटनास्थल से मिले बैग, कपड़े, दवाइयां, डायरी और मृतक के छोटे बेटे चंद्रकांत आपट की तस्वीर के आधार पर कंकाल की पहचान की।
मृतक के पुत्र श्रीबाचो आपट ने बताया कि उनके पिता पहले बड़ाजामदा रेलवे साइडिंग में एक ठेकेदार के अधीन मुंशी का काम करते थे। काम छूटने के बाद वे पंजिका के माध्यम से भविष्य की गणना किया करते थे। उनके अनुसार, पिता 30 अगस्त की आधी रात को बिना किसी को बताए घर से निकल गए थे और फिर वापस नहीं लौटे। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। श्रीबाचो ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उनके पिता की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती थी।
मंगलवार को किसी व्यक्ति की नजर झाड़ियों के बीच पड़ी हड्डियों पर पड़ी, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर श्रीबाचो आपट अपने छोटे भाई चंद्रकांत आपट के साथ घटनास्थल पर पहुंचे, जहां नरकंकाल के पास एक बैग और गमछा पड़ा था। सूचना मिलते ही बड़ाजामदा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। करीब तीन महीने से लापता वृद्ध का नरकंकाल मिलने की खबर से परिवार में शोक की लहर है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
