सर्दी का मौसम शुरू होते ही बच्चों में एलर्जी, दमा, सर्दी-जुकाम, बुखार और डायरिया के मामले बढ़ रहे हैं। कुछ मामलों में डेंगू और स्क्रब टाइफस भी देखे जा रहे हैं। इन्हीं मुद्दों पर एक कार्यक्रम में पं. दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल के शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. राहुल कुमार सिंह ने पाठकों के सवालों के जवाब दिए और बचाव व उपचार से जुड़ी जानकारी दी।
विशेषज्ञ ने बताया कि सर्दी से बचाव के लिए बच्चों को मौसम के अनुसार सुबह-शाम गर्म कपड़े पहनाएं और ध्यान रखें कि शरीर पूरी तरह ढका रहे। छह महीने से पांच साल तक के बच्चों को इंफ्लूएंजा का वार्षिक टीका जरूर लगवाना चाहिए। इससे सर्दी और कुछ हद तक दमा की गंभीरता से बचाव हो सकता है।
कार्यक्रम में संक्रमण, बुखार, सामान्य सर्दी-जुकाम, फ्लू, गले में खराश, निमोनिया, पेट और पाचन की समस्याएं, दस्त, उल्टी, पेट दर्द, नवजात में पोषण संबंधी समस्याएं, कुपोषण और एनीमिया पर भी चर्चा हुई। एक सवाल के जवाब में डॉ. सिंह ने कहा कि तेज बुखार, सिर दर्द, उल्टी और शरीर पर लाल दाने डेंगू के लक्षण हो सकते हैं; ऐसे में बाल रोग चिकित्सक से मिलकर सीबीसी, डेंगू और एलएफटी की जांच करानी चाहिए।
दस्त के मामले में उन्होंने कहा कि मन से एंटीबायोटिक न दें, क्योंकि सर्दी के मौसम में बच्चों को वायरल डायरिया अक्सर होता है, जिसमें एंटीबायोटिक का इस्तेमाल नहीं होता। निर्जलीकरण के लक्षण दिखने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र जाएं या घर में सुपाच्य भोजन और ओआरएस का घोल दें। सांस तेज चलने और सीटी जैसी आवाज को दमा का लक्षण बताते हुए उन्होंने विशेषज्ञ डॉक्टर से मिलकर नेबुलाइज, ऑक्सीजन और एचएचएचएफएनसी का सपोर्ट लेने की सलाह दी।
