केंद्र सरकार महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण लागू करने के उद्देश्य से हर राज्य और केंद्र शासित प्रदेश में लोकसभा और विधानसभा सीटों की संख्या में 50 फीसदी की बढ़ोतरी का प्रस्ताव लेकर आई है। संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 सोमवार (30 नवंबर) को लोकसभा में पेश किया जाना है। इसमें सदन की अधिकतम सदस्य संख्या बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव है, जिसमें राज्यों से अधिकतम 815 और केंद्र शासित प्रदेशों से 35 सदस्य हो सकेंगे। विधानसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 500 से बढ़ाकर 650 करने का भी प्रस्ताव है। विधेयक के मुताबिक परिसीमन प्रक्रिया के जरिए महिलाओं, जिनमें अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति की महिलाएं भी शामिल हैं, के लिए एक-तिहाई आरक्षण तत्काल प्रभाव से लागू किया जाएगा।
संविधान संशोधन विधेयक को पारित कराने के लिए सरकार को दो-तिहाई सांसदों के समर्थन की जरूरत है। इससे पहले 17 अप्रैल को सरकार का प्रस्ताव 298 वोटों पर सिमट गया था, जबकि 528 उपस्थित सदस्यों में से 352 वोटों की जरूरत थी। अब दावा किया जा रहा है कि तृणमूल कांग्रेस (TMC) के 20 बागी सांसदों के साथ सरकार के पास 321 सांसदों का समर्थन है। इनके अलावा शरद पवार की पार्टी NCP के 8, DMK के 22 और YSRCP के 4 सांसद भी सरकार का साथ दे सकते हैं। इतना मिलाकर संख्या 356 तक पहुंच रही है। तीन निर्दलीय और एक-एक सांसद वाले तीन दल भी सरकार का साथ दे सकते हैं।
सवाल यह है कि क्या TMC के बागी 20 सांसदों को वोट देने का अधिकार है, जब उनकी अयोग्यता का मामला स्पीकर और सुप्रीम कोर्ट में लंबित है। संविधान और सुप्रीम कोर्ट (सुभाष देसाई बनाम महाराष्ट्र केस, 2023) द्वारा तय कानूनी स्थिति के अनुसार इन सांसदों को वोट देने का अधिकार है, क्योंकि जब तक स्पीकर अयोग्यता पर अंतिम फैसला नहीं सुनाते, तब तक सदस्यता या वोट देने का अधिकार निलंबित नहीं होता। अगर ये सांसद वोट डालते हैं और बाद में अयोग्य ठहराए भी जाते हैं, तब भी उनका वोट रद्द नहीं होगा, क्योंकि अयोग्यता का आदेश भावी तारीख से लागू होता है।
संविधान की 10वीं अनुसूची के तहत स्पीकर को ही अयोग्यता पर निर्णय लेने का अधिकार है। बागी सांसदों का तर्क है कि 2/3 से अधिक संख्या होने के कारण उन्हें दलबदल कानून की धारा 4 के तहत संरक्षण प्राप्त है। दूसरी तरफ, TMC का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट के रुख के मुताबिक मूल राजनीतिक दल का विलय होना जरूरी है, केवल विधायी दल का टूटकर अलग होना मान्य नहीं है। सुप्रीम कोर्ट (केशम मेघचंद्र सिंह केस, 2020) स्पष्ट कर चुका है कि अयोग्यता याचिकाओं का निपटारा साधारण परिस्थितियों में 3 महीने के भीतर हो जाना चाहिए। अब सब कुछ लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के निर्णय के समय पर निर्भर करता है। TMC में यह राजनीतिक घटनाक्रम जून 2026 में शुरू हुआ था, जब 28 में से 20 लोकसभा सांसदों ने बगावत कर NCPI में विलय का ऐलान किया था। इसके बाद TMC महासचिव अभिषेक बनर्जी ने 10वीं अनुसूची के तहत अयोग्यता की याचिका दायर की थी, जो लगभग छह महीने बाद भी लंबित है। सभी 20 बागी सांसदों ने 24 नवंबर को अपना लिखित जवाब दाखिल किया है।
