गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। सीएम योगी ने कहा कि जिन लोगों ने कभी रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं और जय श्रीराम बोलने पर लाठी-डंडे चलाए, वही आज राम का नाम जप रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब दुर्जनों का अंतिम समय आता है तो उनके मुख से भी राम निकलता है, जैसे मारीच का उदाहरण है। सीएम ने कहा कि आज जो मारीच का भेष धरकर आ रहे हैं, उन्हें पहचानने की जरूरत है।

सीएम योगी ने कहा कि अखिलेश यादव अयोध्या जाते हैं तो उन्हें चुनौती देते हैं कि अयोध्या से चुनाव लड़कर दिखाइए। उन्होंने कहा कि अयोध्या में उनकी आस्था है, लेकिन अखिलेश नामांकन करें तो वे भी नामांकन कर देंगे। सीएम ने कहा कि अखिलेश के अंदर सामने से लड़ने की हिम्मत नहीं है, कमजोर व्यक्ति पीछे से वार करता है।

मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी को अराजकता और दंगों का दूसरा नाम बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि इन लोगों ने माफियाओं के बल पर उत्तर प्रदेश को रौंदा, नौजवानों की नौकरियों पर सेंध लगाई और व्यापारियों व बेटियों को डराया। उन्होंने कहा कि किसानों को भुखमरी के कगार पर छोड़ दिया गया और हर माफिया इनका सगा है।

सीएम योगी ने गोरखपुर में अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान जेसीबी की टक्कर से हुए 12-13 साल के बच्चे की मौत पर भी सपा को घेरा। उन्होंने पूछा कि उस मासूम की क्या गलती थी और कहा कि गुंडे और माफिया डंडे के बिना ठीक नहीं होते। सीएम ने बच्चे की मृत्यु पर संवेदना व्यक्त की और कहा कि शाम को वे पीड़ित परिवार से मिलेंगे। उन्होंने पुलिस को निर्देश दिए कि हत्या करने वाले को खोजकर ऐसी सजा दी जाए कि वह याद रहे।