मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को यूथ ओलिंपिक 2026 में स्वर्ण पदक जीतने वाली मुक्केबाज गुंजन को एक करोड़ रुपये का डमी चेक भेंट किया। सेनेगल के डकार में आयोजित इस प्रतियोगिता में गुंजन ने 48 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया था। हांसी के ढाणा कलां गांव की रहने वाली गुंजन अंडर-19 एशियन बाक्सिंग चैंपियनशिप (जकार्ता) और वर्ल्ड बाक्सिंग फ्यूचर कप (बैंकाक) में रजत पदक भी जीत चुकी हैं।
संत कबीर कुटीर निवास पर आयोजित कार्यक्रम में पुरस्कार राशि प्रदान करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण अंचल की बेटी ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर स्वर्णिम सफलता पाकर साबित कर दिया है कि हरियाणा की बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि प्रदेश के अन्य युवाओं और खिलाड़ियों के लिए बड़ी प्रेरणा है।
खेल नीति का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की पारदर्शी और खिलाड़ी-हितैषी नीति के कारण हरियाणा आज देश में खेलों का पावरहाउस बन चुका है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को जमीनी स्तर से ही आधुनिक सुविधाएं, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण, नर्सरियां और अंतरराष्ट्रीय स्तर की पदक विजेता राशि समय पर उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि खिलाड़ी बिना किसी चिंता के केवल अपने खेल और उत्कृष्ट प्रदर्शन पर ध्यान केंद्रित कर सकें।
