पूर्वी दिल्ली के विश्वास नगर इलाके में गुरुवार रात आम आदमी पार्टी के एक नेता के कार्यालय पर स्कूटी सवार दो बदमाशों ने कथित तौर पर तीन राउंड गोलियां चलाईं। घटना फर्श बाजार थाना क्षेत्र के दक्ष रोड स्थित श्री महाकाल प्रापर्टीज पर हुई। पुलिस के मुताबिक गोली किसी को नहीं लगी और बदमाश मौके से फरार हो गए।
जिला पुलिस उपायुक्त आरपी मीणा ने बताया कि गुरुवार रात करीब नौ बजे सूचना मिली कि स्कूटी सवार दो बदमाशों ने दक्ष रोड स्थित श्री महाकाल प्रापर्टीज पर गोलियां चलाई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में सामने आया कि प्रॉपर्टी डीलर कृष्ण कांत का भाई अभिषेक आप नेता है और उसने भी वहां कार्यालय बनाया हुआ है। पीड़ित आम आदमी पार्टी की युवा विंग का विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष है।
पुलिस के अनुसार एक स्कूटी सवार ने पिस्टल निकाली और तीन राउंड गोलियां चला दीं। दहशत फैलाने के बाद बदमाश फरार हो गए। फर्श बाजार थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस प्रॉपर्टी डीलर और आप नेता से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उनकी किसी से रंजिश है या नहीं। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
