नोएडा प्राधिकरण के सीईओ कृष्णा करुणेश ने शहर की सड़कों की खराब हालत और निर्माण में देरी पर नाराजगी जताई है। उन्होंने ऐसी सड़कों से जुड़े सभी टेंडरों की समीक्षा कराने का निर्देश दिया है, जिनका निर्माण अब तक पूरा हो जाना चाहिए था। समीक्षा में यह देखा जाएगा कि हर सड़क का काम कब तक पूरा होना था और उसकी मौजूदा स्थिति क्या है। संबंधित अधिकारियों से स्टेटस रिपोर्ट मांगी जाएगी और तय समय में काम पूरा न होने पर देरी के कारणों की जांच होगी।
एमपी-2 रोड, बोटेनिकल गार्डन के पास, फेज-2 और सेक्टर-71 अंडरपास समेत कई जगह सड़कें खस्ताहाल हैं। गड्ढों से वाहन चालकों को परेशानी हो रही है, जबकि सड़कों से उड़ती धूल वायु प्रदूषण बढ़ा रही है। सीईओ ने कहा कि इन सड़कों का निर्माण जल्द से जल्द पूरा कराया जाएगा।
करुणेश ने कहा कि समीक्षा सिर्फ अधूरी सड़कों तक सीमित नहीं रहेगी। उन सड़कों की भी जांच होगी, जिनका निर्माण पूरा होने के कुछ समय बाद ही सतह उखड़ने लगी है। सड़क की गुणवत्ता को लेकर शहरवासियों से मिलने वाली शिकायतों को गंभीरता से लिया जाएगा।
टेंडर समीक्षा में प्रशासनिक लापरवाही या ठेकेदार कंपनी की खामी सामने आने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई होगी। निर्माण में देरी और गुणवत्ता से जुड़े मामलों में जवाबदेही तय की जाएगी। खराब सड़कों को दुरुस्त कराना और काम समय पर पूरा कराना प्राधिकरण की प्राथमिकता है।
