न्यूयॉर्क में एक संघीय न्यायाधीश शुक्रवार को भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को सजा सुनाएंगे। गुप्ता पर खालिस्तानी अलगाववादी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश में शामिल होने का आरोप है, जिसे उन्होंने इस साल की शुरुआत में स्वीकार कर लिया था। अभियोजन पक्ष ने उनके लिए 24 साल यानी 293 महीने की जेल की सजा की मांग की है।
न्यूयॉर्क के दक्षिणी जिले के संघीय न्यायाधीश विक्टर मारेरो स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 10 बजे (भारतीय समयानुसार शुक्रवार शाम 8:30 बजे) गुप्ता को सजा सुनाएंगे। गुप्ता ने सुपारी देकर हत्या कराने, इसकी साजिश रचने और धनशोधन की साजिश रचने के आरोप स्वीकार किए थे।
अमेरिकी अटॉर्नी जेम्स मैकडोनाल्ड ने न्यायाधीश मारेरो को सौंपे गए 20 पन्नों के दस्तावेज में कहा कि गुप्ता अमेरिका की धरती पर एक अमेरिकी नागरिक की हत्या की विदेशी साजिश में अहम भागीदार था। उन्होंने कहा कि अदालत को ऐसी सजा सुनानी चाहिए जो अपराध की गंभीरता दर्शाए और यह संदेश दे कि इस देश में आवाजों को हिंसा के जरिये दबाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सरकार ने अदालत से गुप्ता को 293 महीने की जेल की सजा सुनाने का अनुरोध किया है। अभियोजन पक्ष के अनुसार, गुप्ता और उसके सह-साजिशकर्ताओं, जिनमें कम से कम एक भारतीय सरकारी कर्मचारी भी शामिल था, ने पीड़ित की राजनीतिक विचारधारा के कारण हत्या की साजिश रची थी। सरकार का कहना है कि सजा दिशानिर्देशों के तहत निर्धारित 235 से 293 महीने की अवधि में अधिकतम सजा देना जरूरी है। गुप्ता ने अपनी अर्जी में कम सजा का अनुरोध किया है।
