हाजीपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 21 नवंबर 2026 को प्रस्तावित वैशाली दौरे को देखते हुए वैशाली जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने आम सूचना जारी करते हुए आसपास के जिलों से आने वाले वाहनों के परिचालन और प्रतिबंध को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए हैं। आदेश के अनुसार 20 नवंबर की रात 10 बजे से कई प्रमुख मार्गों पर ट्रक और व्यावसायिक वाहनों की आवाजाही रोक दी जाएगी और कच्ची दरगाह-बिदुपुर 6 लेन तथा महात्मा गांधी सेतु सहित कई रास्तों के लिए वैकल्पिक रूट तय किए गए हैं।
जारी नोटिस के मुताबिक कच्ची दरगाह-बिदुपुर 6 लेन पर ट्रक और व्यावसायिक वाहन 20 नवंबर 2026 की रात 10 बजे से 21 नवंबर 2026 की रात 8 बजे तक पूरी तरह बंद रहेंगे। इस अवधि में 20 नवंबर की रात 10 बजे से 21 नवंबर की सुबह 5 बजे तक सभी व्यावसायिक वाहन महात्मा गांधी सेतु मार्ग से चलाए जाएंगे। हालांकि 21 नवंबर को सुबह 5 बजे से रात 8 बजे तक गांधी सेतु से भी ट्रक और व्यावसायिक वाहनों का परिचालन बंद रहेगा।
कच्ची दरगाह-बिदुपुर 6 लेन के पूर्वी लेन को प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से जुड़े वाहनों के परिचालन के लिए आरक्षित रखा गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस पूर्वी लेन में बनारसी चौक से किसी भी प्रकार की गाड़ी की एंट्री पर रोक रहेगी। वहीं मुजफ्फरपुर और सारण (छपरा) से वैशाली आने वाली सभी सड़कों (NH-22 को छोड़कर) पर 21 नवंबर को सुबह 5 बजे से रात 8 बजे तक व्यावसायिक वाहन बंद रहेंगे।
समस्तीपुर से वैशाली की ओर आने वाली सड़कों पर भी 20 नवंबर 2026 की रात 10 बजे से 21 नवंबर 2026 की रात 8 बजे तक ट्रक और व्यावसायिक वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। इस दौरान समस्तीपुर से पटना जाने वाले सभी ट्रक और व्यावसायिक वाहन महुआ के रास्ते न जाकर मुजफ्फरपुर (भाया फकुली) होकर गुजरेंगे।
