पश्चिम बंगाल पुलिस ने टीएमसी महासचिव और डायमंड हार्बर से सांसद अभिषेक बनर्जी के खिलाफ फर्जी वीडियो शेयर करने के आरोप में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, पूर्व बर्धमान के कालना थाने में शिकायत मिली थी कि बनर्जी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान फर्जी वीडियो दिखाए थे। राज्य की साइबर क्राइम विंग मामले की जांच कर रही है।

पुलिस ने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म एक्स पर बताया कि बनर्जी ने आरोप लगाया था कि बागी गुट के लिए फर्जी एफिडेविट तैयार करने में पुलिसकर्मियों ने मदद की थी। पुलिस का कहना है कि फर्जी वीडियो के जरिए उन्होंने पुलिस की छवि खराब करने की कोशिश की।

इससे पहले टीएमसी ने आरोप लगाया था कि अरूप रॉय और ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले प्रतिद्वंद्वी गुट ने राज्य के थानों में फर्जी हलफनामे तैयार कराकर निर्वाचन आयोग को सौंपे। पार्टी ने आरोप लगाया कि इन हलफनामों और दस्तावेजों की प्रतियां तक उसे नहीं दी गईं। अभिषेक बनर्जी ने डेरेक ओब्रायन और महुआ मोइत्रा के साथ कुछ वीडियो साझा करते हुए दावा किया था कि इनमें थानों में हलफनामे तैयार किए जाने के दृश्य हैं। उन्होंने कहा था कि जिन लोगों के नाम से हलफनामे दाखिल हुए, उन्हें इसकी जानकारी तक नहीं थी और हस्ताक्षर व नोटरी के नाम फर्जी हैं।

उधर, कलकत्ता हाई कोर्ट ने विधानसभा अध्यक्ष के उस फैसले को रद्द कर दिया है, जिसमें ऋतब्रत बनर्जी को नेता प्रतिपक्ष के रूप में मान्यता दी गई थी। अदालत ने अध्यक्ष को 10 दिन के भीतर नये सिरे से फैसला लेने का निर्देश दिया है। हाई कोर्ट ने विपक्ष के मुख्य सचेतक के रूप में अखरुज्जमां की नियुक्ति भी रद्द की थी। अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया था कि ये हलफनामे दबाव बनाने और सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग करके तृणमूल कांग्रेस को तोड़ने के मकसद से तैयार किए गए।