अमेरिका के मैसाचुसेट्स राज्य के ब्रुकलाइन इलाके में एक आक्रामक उल्लू के हमलों से कम से कम एक दर्जन लोग घायल हो चुके हैं। सीबीएस बोस्टन की रिपोर्ट के अनुसार ब्रुकलाइन पुलिस विभाग को राहगीरों और धावकों पर उल्लू के झपटने और पंजे मारने की कई शिकायतें मिली हैं। निवासियों का कहना है कि पक्षी बिना किसी चेतावनी के ऊपर से अचानक हमला करता है, जिससे लोगों के सिर और गर्दन पर चोटें आई हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक स्थानीय निवासी तारिस बेसे ने बताया कि जब वह बाहर थे तो पेड़ से उल्लू ने अचानक आकर उनकी गर्दन पर हमला कर दिया। एहतियात के तौर पर उन्हें अस्पताल जाकर रेबीज का इलाज कराना पड़ा। उन्होंने बताया कि बूस्टर डोज के लिए अस्पताल जाने पर नर्स ने उन्हें उल्लू के हमले से घायल अन्य मरीजों में से एक बताया। एक अन्य निवासी जूलियट डेली ने बताया कि डीन रोड पर दौड़ते समय उन्हें लगा कि कोई पेड़ की टहनी उनके सिर से टकराई है, लेकिन मुड़कर देखा तो वह उल्लू था जो दोबारा हमला करने के लिए लौट रहा था। झुककर खुद को बचाने के बाद भी पक्षी ने तीसरी बार झपटने की कोशिश की, जिसके बाद उन्हें सड़क पार कर भागना पड़ा।
इस घटना की शिकार ब्रुकलाइन न्यूज की रिपोर्टर मिलेना फर्न्सलेर भी हुईं। उनके अपार्टमेंट के पास उल्लू ने दो बार उनके सिर के पिछले हिस्से पर जोरदार प्रहार किया। बाद में उन्होंने चांदनी रात में टेलीफोन के खंभे पर बैठे उस उल्लू को देखा। घटना के बाद मिलेना ने इलाके में ''क्या आप पर उल्लू ने हमला किया है?'' लिखे पोस्टर लगाए, जिसके बाद करीब एक दर्जन लोगों ने उनसे संपर्क कर उल्लू के हमले का शिकार होने की पुष्टि की।
फिलहाल पुलिस ने इन घटनाओं की जानकारी राज्य के वन्यजीव विभाग को दे दी है और आगे की कार्रवाई के लिए उनके निर्देशों का इंतजार किया जा रहा है।
