ईरान पर नई कार्रवाई के लिए इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के दबाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फिलहाल सैन्य कार्रवाई की संभावना टाल दी है। उन्होंने कहा है कि ईरान को लेकर अगले कदम का फैसला नए साल की शुरुआत के बाद ही किया जाएगा। व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने ईरान के साथ समझौता न हो पाने पर नाराजगी भी जताई।

ट्रंप ने कहा कि ईरान को अमेरिकी अपेक्षाओं के मुताबिक समझौता करना होगा और वह अब दुनिया को बेवकूफ नहीं बना सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि ईरान 51 साल से दुनिया को भ्रमित कर रहा है। ट्रंप ने चीन में एपेक शिखर सम्मेलन से लौटते समय एयर फोर्स वन में कहा था कि वह ईरान को लेकर कोई फैसला करने की जल्दबाजी में नहीं हैं और देखेंगे कि नए साल की शुरुआत के बाद क्या होता है। उन्होंने कहा कि ईरान के रवैये की वजह से तेल की कीमतों में नरमी आई है और वे समझौता करना चाहते हैं।

इस बीच, ईरान के केश्म द्वीप पर शुक्रवार को विस्फोट और धुआं दिखने के बाद हमले की आशंका जताई गई थी। हालांकि, तसनीम समाचार एजेंसी ने बताया कि यह घटना बिना फटे गोला-बारूद को नष्ट करने के दौरान हुई। एजेंसी ने पहले वहां मिसाइल हमले की खबर दी थी।

होर्मुज स्ट्रेट से बाहर निकल रहे एक टैंकर पर शुक्रवार को मिसाइल हमले के बाद आग लग गई। ब्रिटिश नौसेना से संबद्ध यूके मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस ने बताया कि घटना ओमान के खासब शहर से आठ समुद्री मील उत्तर में हुई और किसी के हताहत होने या पर्यावरण को नुकसान की सूचना नहीं है। वहीं, ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने दावा किया कि खासब के पास होर्मुज से गुजरने की कोशिश कर रहा तेल टैंकर समुद्री बारूदी सुरंगों से टकरा गया, जिससे उसमें आग लग गई। यह जानकारी ईरानी सरकारी मीडिया ने दी।