आगरा जिले में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत जिला प्रशासन ने 500 बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) का वेतन रोकने के आदेश दिए हैं। इन बीएलओ ने अपने बूथ पर 10 नए मतदाता भी सूची में नहीं जोड़े। उप जिला निर्वाचन अधिकारी यमुनाधर चौहान के अनुसार सभी सहायक निर्वाचन अधिकारियों (एआरओ) को कार्य में लापरवाही बरतने वाले इन बीएलओ का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए हैं।

जिले में 23 साल बाद हुए विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की तरह इस बार प्रशासन गलती नहीं दोहराना चाहता। फार्म-छह को लेकर पहली बार अलग-अलग छह श्रेणियां तैयार की गई हैं, जिनमें 10, 25, 50, 100 और 150 मतदाता जोड़ने के आधार शामिल हैं। प्रत्येक बीएलओ को फार्म दिए गए हैं और उनके द्वारा भरवाए गए फार्मों का डाटा अलग से रखा जा रहा है। बाकी पांच श्रेणियों की सूची भी तैयार की जा रही है।

जिले के नौ विधानसभा क्षेत्रों में 3849 बूथ हैं, जहां करीब 30 लाख मतदाता हैं। अभियान में छूटे हुए या नए मतदाताओं के नाम सूची में जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक 150 से अधिक मतदाता जोड़ने वाले बीएलओ को सम्मानित भी किया जाएगा।