आगरा फोरेंसिक लैब की विज्ञानियों की चार टीमों ने तीन महीने से कम समय में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के धमाकों से जुड़े 800 से अधिक मामलों की जांच पूरी कर ली है। लैब एक जुलाई से विस्फोटक पदार्थों के नमूनों की जांच कन्नौज भेज रही है, इसलिए एक जुलाई से पहले आए नमूनों को 30 नवंबर तक निस्तारित करने का लक्ष्य रखा गया था।

उप निदेशक श्रीकृष्ण मौर्य के अनुसार, लैब में धमाकों से संबंधित 850 से अधिक जांच लंबित थीं। विज्ञानियों ने प्रतिदिन दो घंटे अतिरिक्त काम किया और अवकाश के दिन भी लैब खोली। उप निदेशक श्रीकृष्ण मौर्य, उप निदेशक शशी उपाध्याय, विज्ञानी अधिकारी काव्या यादव और अशोक कुमार के नेतृत्व में चार टीमें बनाई गईं, जिनमें प्रत्येक टीम में दो से तीन विज्ञानी शामिल थे। टीमों ने एक सितंबर से जांच शुरू की और रिपोर्ट संबंधित जिलों को भेज दी।

उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में धमाकों से संबंधित विस्फोटक पदार्थों की जांच के लिए आगरा फोरेंसिक लैब इकलौती है, जहां आतिशबाजी और बम धमाकों में प्रयुक्त सामग्री की तीव्रता का परीक्षण किया जाता है। एक जुलाई से लैब के विस्फोट, कंप्यूटर साइंस, सीरोलाजी, फिजिक्स और केमेस्ट्री अनुभाग को अस्थायी रूप से बंद किया गया है।

लैब की 19 एकड़ भूमि में से छह एकड़ मेट्रो ने यार्ड बनाने के लिए ली है। शेष 13 एकड़ पर 67 करोड़ रुपये से पुलिस कमिश्नरेट का छह मंजिला एकीकृत मुख्यालय बनेगा, जिसके पहले चरण के लिए 23.72 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। परिसर में फोरेंसिक लैब, एंटी टेरेरिस्ट स्क्वाड और साइबर थाने के ब्लाक भी बनाए जाएंगे।